![]()
शहडोल के अमलाई थाना पुलिस ने शुक्रवार रात लुकमपुर रोड स्थित बिछिया जंगल के पास चल रहे एक बड़े जुआ फड़ पर कार्रवाई की। पुलिस ने मजदूरों का वेश धारण कर त्रिपाल से ढके मालवाहक वाहन में पहुंचकर छह जुआरियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से 30,200 रुपए नकद, चार बाइक और चार मोबाइल फोन जब्त किए। जब्त की गई सामग्री की कुल कीमत चार लाख रुपए से अधिक बताई गई है। कार्रवाई के दौरान दो जुआरी मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि लुकमपुर रोड पर बिछिया जंगल के पास बड़े पैमाने पर जुआ फड़ संचालित हो रहा है। फड़ तक पहुंचने के रास्ते और वहां मौजूद लोगों की संख्या को देखते हुए पुलिस ने सीधे वाहन भेजने के बजाय विशेष रणनीति अपनाई। पुलिसकर्मी मजदूरों का वेश बनाकर एक मालवाहक वाहन में सवार हुए, जिसे त्रिपाल से ढक दिया गया था। इस तरह, पुलिस टीम बिना किसी संदेह के जुआ फड़ तक पहुंचने में सफल रही।वाहन से उतरते ही पुलिस टीम ने जुआ फड़ की घेराबंदी कर दी। अचानक पुलिस को देखकर वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। इनको किया गिरफ्तार, दो फरार इस दौरान छह जुआरियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान पुनीत गौतम, उत्तम कहार, अमित चौहान, सुनील कुमार राव, दीपक चतुर्वेदी और अतीक अंसारी उर्फ जुल्ली के रूप में हुई है। अब्दुल रहमान और अनिल मंडल मौके से फरार हो गए। पुलिस ने कुल आठ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, फड़ पर जुआ खेलने के साथ-साथ ‘नाल निकालकर खाई’ करने की बात भी सामने आई है। आरोपियों के खिलाफ धारा 13 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार छह आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
Source link
शहडोल में जुआ फड़ पर पुलिस की दबिश:मजदूर बनकर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने 6 जुआरियों को पकड़ा
