Headlines

कोटपूतली पुलिस ने महिला सुरक्षा पर निकाला पैदल मार्च:राजकॉप सिटीजन एप डाउनलोड कराया, महिलाओं को किया जागरूक




कोटपूतली जिले में महिला सुरक्षा और उनके सम्मान को बढ़ावा देने के लिए जिला पुलिस द्वारा एक विशाल पैदल मार्च और जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति सचेत करना था, जिसमें “महिला सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता” और “नारी का सम्मान करें, सुरक्षित समाज का निर्माण करें” जैसे संकल्प दोहराए गए। ये विशाल जागरूकता अभियान एसपी सतवीर सिंह और एएसपी नाजिम अली खान के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। पैदल मार्च का नेतृत्व डीएसपी लक्ष्मी सुथार, एएचटीयू प्रभारी अनीता, महिला थानाधिकारी रजनी, एंटी रोमियो प्रभारी कविता और महिला हेड कॉन्स्टेबल मुकेश रानी ने किया। इस मार्च में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, जिले के विभिन्न थानों में पदस्थापित महिला पुलिसकर्मी, पुलिस बल के जवान, कॉलेज की छात्राएं और आमजन ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जागरूकता को धरातल पर लाने के लिए पुलिस अधिकारियों और जवानों ने मार्च के दौरान राह चलती महिलाओं, बालिकाओं और आम नागरिकों से बातचीत की। पुलिस ने मौके पर ही महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों और उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी दी। डिजिटल सुरक्षा को मजबूत करने के लिए महिलाओं के मोबाइल में राजकॉप सिटीजन एप को मौके पर ही डाउनलोड और इंस्टॉल करवाया गया। इसके अलावा, समाज में जागरूकता फैलाने के लिए बड़ी संख्या में सूचनात्मक पंपलेट भी वितरित किए गए। महिलाओं और छात्राओं को आपातकालीन स्थिति में तुरंत मदद पाने के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से समझाया गया। इनमें 112 (आपातकालीन प्रतिक्रिया सहायता प्रणाली), 1090 (महिला हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) और 1930 (साइबर अपराध हेल्पलाइन) शामिल थे। एसपी सतवीर सिंह ने आमजन से अपील की कि वे महिला सुरक्षा को पुख्ता करने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी कोई संदिग्ध गतिविधि या अपराध होता दिखाई दे तो तुरंत इसकी सूचना नजदीकी पुलिस को दें।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *