Headlines

कोटा में मंदिर निर्माण को लेकर विवाद:आरोप- फैक्ट्री के लोगों ने टीन शेड तोड़कर काम रुकवा दिया




कोटा में मंदिर निर्माण और रास्ता बंद करने को लेकर दो अलग-अलग इलाकों में विरोध सामने आया। उद्योग नगर थाना क्षेत्र में फैक्ट्री के पीछे स्थित करीब 50 साल पुराने काली माता मंदिर में रिनोवेशन कार्य को लेकर विवाद हो गया। वहीं, किशोरपुरा थाना क्षेत्र में जड़ के बालाजी और रामद्वारा जाने वाले रास्ते पर गेट लगाकर रास्ता बंद करने के विरोध में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। काली माता मंदिर में काम रोकने का आरोप उद्योग नगर थाना क्षेत्र में मल्टीमेटल चौराहे के सामने सूरसागर कॉलोनी स्थित काली माता मंदिर में रिनोवेशन का काम चल रहा था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पास की फैक्ट्री प्रबंधन ने निर्माण कार्य में दखल देते हुए टीन शेड तोड़ दिया और काम रुकवा दिया। सूचना फैलने के बाद रविवार देर रात बड़ी संख्या में महिला-पुरुष मंदिर परिसर में जुट गए और विरोध जताया। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया। उद्योग नगर थाना अधिकारी आनंद यादव ने बताया- फैक्ट्री की दीवार के पास काली माता मंदिर है। स्थानीय लोगों द्वारा टाइल और टीन शेड लगाने का काम किया जा रहा था। स्थानीय लोगों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर काम में दखल देने और टीन शेड तोड़ने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर लोगों से समझाइश की जा रही है। जड़ के बालाजी जाने का रास्ता बंद करने का विरोध किशोरपुरा थाना क्षेत्र में नगर निगम द्वारा जड़ के बालाजी और रामद्वारा जाने वाले रास्ते पर गेट लगाकर रास्ता बंद करने के निर्माण कार्य का स्थानीय लोगों ने विरोध किया। युवक मुकेश चांदना ने बताया- मंदिर आने-जाने के लिए यही मुख्य रास्ता है। मंदिर में निर्माण कार्य चल रहा है। सामग्री भी इसी रास्ते से आती है। उनका कहना है कि रास्ता बंद होने से श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों और पुलिस क्वार्टर में रहने वाले कर्मचारियों को परेशानी होगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *