![]()
कोडरमा जिले के सतगावां थाना क्षेत्र के खुट्टा में रविवार सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक मोटरसाइकिल से बासोडीह से गावां की ओर जा रहे थे। खुट्टाबागी के पास सड़क पर गिट्टी और डस्ट रखी थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक की तेज रोशनी पड़ने के कारण बाइक चालक को सड़क पर रखा गिट्टी-डस्ट दिखाई नहीं दिया। बाइक अनियंत्रित होकर गिट्टी-डस्ट पर चढ़ गई और उछलकर ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ग्रामीणों की मदद से दोनों को सतगावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। एक मृत घोषित दूसरा कोडरमा रेफर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने जांच के बाद मीरपुर निवासी नरेश रविदास को मृत घोषित कर दिया। वहीं, ठेसवा निवासी महेश रविदास गंभीर रूप से घायल था। उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए कोडरमा रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही सतगावां पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना की जानकारी ली और मामले की जांच शुरू की। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में सड़क निर्माण को लेकर काफी आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना था कि सड़क पर गिट्टी, डस्ट और मलबा छोड़ दिए जाने से राहगीरों के लिए खतरा बना हुआ है। रात में ट्रक की तेज रोशनी के कारण बाइक सवार को सड़क पर रखा मलबा दिखाई नहीं दिया और हादसा हो गया। लोगों ने दो घंटे किया सड़क जाम हादसे के बाद देर रात स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण कर रहे ठेकेदार की लापरवाही और जिला प्रशासन की अनदेखी के विरोध में सड़क जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क बनाने वाली कंपनी के ठेकेदार जगह-जगह गड्ढे कर देते हैं। निर्माण सामग्री व मलबा सड़क पर ही छोड़ देते हैं। इससे वाहन चालकों को परेशानी होती है। आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में सुरक्षा मानकों का पालन कराने की मांग की। जाम की सूचना पर पहुंची सतगावां पुलिस ने लोगों को समझाया-बुझाया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने सड़क से जाम हटाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
Source link
कोडरमा में ट्रक की लाइट से आंखें चुंधियाई:बाइक सड़क किनारे रखे मलबे से टकराया, ट्रक की चपेट में आने से एक मरा, दूसरा गंभीर
