![]()
कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र में स्थित वृंदाहा वॉटरफॉल में नहाते समय एक किशोर डूब गया। छात्र की पहचान बिहार के औरंगाबाद निवासी 14 वर्षीय सागर कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, औरंगाबाद के एक निजी कोचिंग के संचालक करीब 10 बच्चों के साथ कोडरमा के वृंदाहा वॉटरफॉल में पिकनिक मनाने आए थे। सभी बच्चे वॉटरफॉल के पास नहा रहे थे। इसी दौरान सागर कुमार वॉटरफॉल के पास एक चट्टान पर चढ़कर नहाने लगा और रील बना रहा था। तभी उसका पैर फिसल गया और वह चट्टान के नीचे गहरे गड्ढे में गिर गया। सागर के डूबने के बाद वहां अफरातफरी मच गई। वॉटरफॉल के पास मौजूद कुछ स्थानीय लोगों ने तुरंत तिलैया पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से डूबे छात्र को ढूंढने का प्रयास शुरू किया। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे सागर कुमार के शव को ढूंढने में काफी परेशानी हो रही है। बताया जा रहा है कि कल गोताखोरों को बुलाकर शव की तलाश फिर से की जाएगी। बता दें कि वृंदाहा वॉटरफॉल में एक चट्टान के पास गहरी खाई है। जिला प्रशासन लगातार लोगों को वॉटरफॉल के नजदीक जाने से मना करता है। इसके बावजूद दूसरे जिलों से आने वाले लोग चट्टानों पर चढ़ते हैं और रील या सेल्फी लेने के चक्कर में गहरे पानी में डूब जाते हैं।
Source link
कोडरमा में वाटरफॉल में डूबा किशोर:पिकनिक मनाने औरंगाबाद से आया था छात्रों का ग्रुप, रील बनाते समय फिसला पैर; तलाश जारी
