![]()
कोरबा के पथरीपारा स्थित डेंगूनाला में मगरमच्छ दिखने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया। व्हाट्सएप ग्रुप पर एक फोटो वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम भी पहुंची, लेकिन काफी देर तक तलाश के बाद भी मगरमच्छ का कोई पता नहीं चला। ऐसे में फोटो और सूचना को लेकर अफवाह की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, पथरीपारा के कुछ युवक डेंगूनाला में मछली पकड़ने गए थे। उन्होंने नाले में मगरमच्छ देखने का दावा किया। इसके बाद उसकी फोटो खींचकर व्हाट्सएप ग्रुप में शेयर कर दी। देखते ही देखते फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। वन विभाग ने चलाया सर्च ऑपरेशन सूचना मिलने के बाद वन विभाग की आरसीआरएस रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और नाले के आसपास गहन तलाश की। टीम के सदस्य अविनाश यादव ने बताया कि उन्हें व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए मगरमच्छ दिखने की जानकारी मिली थी। मौके पर मौजूद कुछ युवकों ने भी मगरमच्छ देखने की बात कही थी। इसके बाद पूरे इलाके में खोजबीन की गई, लेकिन काफी देर तक तलाश करने के बावजूद मगरमच्छ नहीं मिला। स्थानीय लोगों ने भी नहीं देखा मगरमच्छ स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें भी व्हाट्सएप पर फोटो मिलने के बाद ही जानकारी मिली थी। वे मौके पर पहुंचे, लेकिन उन्हें भी कहीं मगरमच्छ दिखाई नहीं दिया। कुछ लोगों का मानना है कि वायरल फोटो किसी दूसरे स्थान की हो सकती है या फिर उसे एडिट कर अफवाह फैलाई गई है। बारिश के बाद जताई गई थी आशंका स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले हुई भारी बारिश से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया था। ऐसे में मगरमच्छ के बहकर इस क्षेत्र में आने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। वन विभाग ने अफवाहों से बचने की अपील की वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि बिना पुष्टि की गई खबरों और सोशल मीडिया पर वायरल हो रही अफवाहों पर भरोसा न करें। किसी भी वन्यजीव के दिखने की जानकारी मिलने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें और अनावश्यक रूप से भीड़ न लगाएं।
Source link
कोरबा में दिखा मगरमच्छ,तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग:व्हाट्सएप पर फोटो वायरल होते ही जुटी भीड़; मछली पकड़ने गए युवकों ने किया दावा
