Headlines

कोरबा में बारिश के बाद दिखा इंद्रधनुष:15 मिनट तक रहा आकर्षण का केंद्र, लोगों ने ली तस्वीरें, जानिए क्यों बनता है इंद्रधनुष ?




कोरबा में तीन दिनों की रुक-रुक कर हुई बारिश के बाद रविवार शाम को आकाश में इंद्रधनुष दिखाई दिया। शाम करीब 6 बजे यह अद्भुत प्राकृतिक नजारा सामने आया, जिसे देखने के लिए लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। लगातार बारिश और काली घटाओं के बाद इंद्रधनुष के दर्शन से शहरवासियों का मन प्रसन्न हो उठा। रविवार सुबह से ही मौसम साफ था और दोपहर होते-होते तेज धूप भी निकल आई थी। पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण लोग घरों में ही थे। ऐसे में धूप के साथ निकले इंद्रधनुष ने लोगों को सुकून और राहत प्रदान की। 15 मिनट तक दिखा इंद्रधनुष प्रकृति के इस मनमोहक दृश्य को देखने के लिए लोग छतों और सड़कों पर जमा हो गए। इंद्रधनुष लगभग 15 मिनट तक आकाश में स्पष्ट रूप से दिखाई देता रहा। खुले बादलों के बीच सात रंगों का यह खूबसूरत चाप दूर-दूर तक नजर आ रहा था। लोगों ने अपने मोबाइल फोन से इस पल को कैद किया और सोशल मीडिया पर भी साझा किया। जानिए क्या बोले लोग ? एसईसी एल निवासी किशोर यादव ने बताया, “इस तरह का दृश्य बहुत कम देखने को मिलता है। बारिश रुकने के बाद जब धूप निकली तो अचानक आसमान में इंद्रधनुष दिखा। बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक सभी इसे देखने के लिए बाहर आ गए थे। हमने भी इसकी तस्वीरें और वीडियो बनाए।” वार्ड पार्षद शैलेंद्र सिंह उर्फ पप्पू ने कहा, “हल्की बारिश, धूप और उसके बाद इंद्रधनुष का एक साथ दिखना बेहद दुर्लभ होता है। लोगों में इसको लेकर काफी उत्साह था। बच्चे खुशी से चिल्ला रहे थे।” कैसे बनता है इंद्रधनुष मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इंद्रधनुष तब बनता है जब सूरज की किरणें हवा में मौजूद पानी की बूंदों से टकराकर सात रंगों में बिखर जाती हैं। यह एक प्राकृतिक प्रकाशीय घटना है। लगातार उमस और बारिश भरे मौसम के बाद निकले इस इंद्रधनुष ने लोगों को कुछ पल के लिए अपनी परेशानियां भुलाने का मौका दिया। सोशल मीडिया पर भी #KorbaRainbow खूब ट्रेंड कर रहा था। शहरवासी इस मनमोहक नजारे को प्रकृति का एक अनुपम उपहार बता रहे थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *