![]()
तरनतारन जिले के अंतर्गत आते खडूर साहिब में एक सरकारी गेस्ट हाउस के पास 32 वर्षीय युवक करनजीत सिंह का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव नागोके निवासी सचतर सिंह के बेटे करनजीत सिंह के रूप में हुई है। मृतक के पिता सचतर सिंह ने पुलिस को दिए बयानों में आरोप लगाया है कि उनके बेटे की रंजिश के चलते पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या की गई है और साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया। पिता के अनुसार, कुछ स्थानीय लोगों के साथ उनके बेटे की पुरानी दुश्मनी चली आ रही थी। इसी रंजिश के कारण बीती रात सरकारी गेस्ट हाउस के समीप आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। मृतक करनजीत सिंह शादीशुदा था और अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। घटना के बाद से ही परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पीड़ित परिवार ने नामजद लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से जल्द से जल्द न्याय की मांग की है। पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। थाना गोइंदवाल साहिब की एसएचओ बलजीत कौर ने बताया कि पीड़ित परिवार के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारी ने आश्वासन दिया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शुरुआती जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार निष्पक्ष व सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
खडूर साहिब-सरकारी गेस्ट हाउस के सामने मिला युवक का शव:शरीर पर चोट के निशान, पिता ने लगाया रंजिश में पीट कर हत्या का आरोप
