![]()
दुर्ग में गणेशोत्सव के समापन के साथ ही 24 से 26 सितंबर तक शिवनाथ नदी में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन होगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और गणेश समितियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए नगर निगम और यातायात पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। निगम ने विसर्जन के लिए चिन्हित तालाबों और निर्धारित स्थलों की साफ-सफाई करा दी है। वहीं यातायात पुलिस ने विसर्जन के तीन दिनों के लिए मार्ग व्यवस्था और वाहनों के आवागमन का डायवर्शन प्लान जारी किया है। नगर निगम ने विसर्जन स्थलों से जलकुंभी, कचरा और अन्य अपशिष्ट हटाने के साथ आसपास के क्षेत्रों की भी सफाई कराई है। संबंधित जोन की टीमों को विसर्जन के दौरान लगातार सफाई बनाए रखने और व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। निगम ने श्रद्धालुओं से निर्धारित और चिन्हित स्थलों पर ही गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन करने की अपील की है। तालाबों में पूजन सामग्री, प्लास्टिक, निर्माल्य और अन्य कचरा नहीं डालने को कहा गया है। शिवनाथ नदी जाने का यह रहेगा मार्ग गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए निर्धारित मुख्य मार्ग मुर्गा चौक से शुरू होकर 25 मिलियन चौक, सेक्टर-9 चौक, एमडी बंगला तिराहा, जेल तिराहा, महाराजा चौक, पुलगांव चौक होते हुए शिवनाथ नदी विसर्जन स्थल तक रहेगा। इस मार्ग पर विसर्जन के दौरान यातायात का दबाव अधिक रहने की संभावना है। 24 से 26 सितंबर तक भारी वाहनों पर रोक यातायात पुलिस के मुताबिक 24 से 26 सितंबर तक अंजोरा-पुलगांव मार्ग पर मालवाहक और भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। अंजोरा से पुलगांव और पुलगांव से अंजोरा की ओर जाने वाले मार्ग पर मालवाहक, भारी वाहन और अन्य चारपहिया वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। केवल गणेश प्रतिमा विसर्जन से संबंधित वाहनों को आवश्यकतानुसार इस मार्ग पर प्रवेश दिया जाएगा। अंजोरा की ओर से आने वाले मालवाहक और भारी वाहनों को बाईपास मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं अंडा की ओर से आने वाले भारी और मध्यम वाहनों को रिसामा, गाड़ाडीह, फुंडा, पाटन, अभनपुर होते हुए रायपुर की ओर भेजा जाएगा। यातायात पुलिस ने यह व्यवस्था विसर्जन मार्ग पर वाहनों का दबाव कम रखने के लिए की है। समितियां सीमित वाहन लेकर पहुंचें यातायात पुलिस ने गणेश समितियों से अपील की है कि विसर्जन के दौरान अनावश्यक संख्या में वाहन साथ न लाएं। समिति के सदस्य और श्रद्धालु केवल जरूरी और सीमित वाहनों के साथ विसर्जन स्थल तक पहुंचें। विसर्जन मार्ग पर केवल गणेश प्रतिमा वाले वाहनों को प्रवेश देने की व्यवस्था रहेगी। आम नागरिकों से भी 24 से 26 सितंबर के दौरान अंजोरा-पुलगांव मार्ग का उपयोग करने से बचने और जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की गई है। इन तालाबों में भी विसर्जन की व्यवस्था नगर निगम भिलाई ने शिवनाथ नदी के अलावा शहर के चिन्हित तालाबों में भी गणेश प्रतिमा विसर्जन की व्यवस्था की है। निगम की सूची में शीतला तालाब, स्मृति नगर तालाब, आम्रपाली तालाब, लिटिहा तालाब, भेलवा तालाब, शीतला तालाब सुपेला, शीतला तालाब कुरुद, नकटा तालाब कुरुद, शिव शक्ति तालाब घासीदास नगर, मुक्ति धाम के सामने तालाब, सेक्टर-2 तालाब, दर्री तालाब, जयंती स्टेडियम तालाब, मंगल बाजार के पास तालाब और महाकालेश्वर मंदिर के पास तालाब शामिल हैं।
Source link
गणेश विसर्जन के लिए निगम-पुलिस की तैयारी पूरी:तालाबों की सूची जारी, 24 से 26 सितंबर तक अंजोरा-पुलगांव मार्ग पर भारी वाहनों की नो एंट्री
