![]()
शहर के दुलारी गार्डेन में अंतर्राष्ट्रीय दुसाध महासंघ और पासवान समाज के तत्वावधान में एक भव्य राज्यस्तरीय सह अंतरराज्यीय वैवाहिक परिचय सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के युवक-युवतियों के लिए सुयोग्य वर-वधू की तलाश को आसान बनाना और समाज में दहेज मुक्त शादियों को बढ़ावा देना था। सम्मेलन में बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, असम, ओडिशा व नेपाल जैसे पड़ोसी देश से लगभग 500 से 600 लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में 40 से अधिक युवक-युवतियों के बायोडाटा प्राप्त हुए और अभिभावकों ने मंच से बच्चों की शिक्षा, व्यवसाय व रोजगार की जानकारी साझा की।
18 राज्यों के अलावा विदेश में फैला हुआ
दुसाध महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर हेमंत ने कहा कि हमारा समाज 18 राज्यों के अलावा विदेश में फैला हुआ है। बिखरे हुए समाज को जोड़ने और सुयोग्य वर-वधू के मिलन के लिए यह एक सेतु का काम है। हम सौराष्ट्र की तर्ज पर समाज को एकजुट कर रहे हैं। यह पूरी पहल दहेज मुक्त होगी। यदि कोई गरीब बेटी होगी तो अंतर्राष्ट्रीय दुसाध महासंघ उसे शादी के लिए ₹25,000 की आर्थिक सहायता भी देगा। वहीं जयमाला कुमारी पासवान (प्रदेश अध्यक्ष, प्रमुख संघ व बख्तियारपुर प्रमुख) ने कहा कि आज के व्यस्त समय में यह आयोजन अभिभावकों के समय की बचत करता है। दहेज मुक्त शादियों का यह संदेश पूरे भारत में फैलना चाहिए। पैसे के अभाव में कोई बेटी गलत परिवार में न जाए, बल्कि उसे एक सही और अच्छा घर-परिवार मिले, यही हमारी प्राथमिकता है। पिछले दो वर्षों से हम यह मुहिम चला रहे
जयप्रकाश पासवान ने कहा कि पिछले दो वर्षों से हम यह मुहिम चला रहे हैं। आजकल ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बहुत फ्रॉड होता है, जिससे जिंदगी खराब हो जाती है। उससे बचाने के लिए हमने यह जिम्मेदार मंच बनाया है। हाल ही में इसी मंच के माध्यम से एक बीडीओ साहब और रेंजर साहब की बेटी का रिश्ता तय हुआ है, जो हमारे लिए बड़ी सफलता है। आयोजक मंडल प्रतिनिधि ने कहा कि गया शहर में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर परिचय सम्मेलन का आयोजन हुआ है। हमारे समाज में गरीब परिवारों की बेटियों की शादी के लिए यह एक बहुत बड़ा सहारा है। अगर कोई अनाथ बच्ची होगी, तो हमारा संगठन उसका नि:शुल्क विवाह कराएगा।
सभी शादियां पूरी तरह से दहेज मुक्त होंगी
इस मौके पर महासंघ ने स्पष्ट किया कि इस मंच के माध्यम से होने वाली सभी शादियां पूरी तरह से दहेज मुक्त होंगी। यदि कोई व्यक्ति दहेज की मांग करता है तो उसे समाज व संगठन से निष्कासित कर दिया जाएगा। बताया कि इस कार्यक्रम में 40 से अधिक बायोडाटा आया है। उनके लिए संघ उचित जीवन साथी की तलाश करेगा।
Source link
गया में वैवाहिक परिचय सम्मेलन:500-600 लोग जुटे, 40 से ज्यादा युवक-युवतियों के बायोडाटा मिले, दहेज मुक्त शादी पर जोर
