![]()
गिरिडीह जिले के बेंगाबाद-नवडीहा मुख्य मार्ग पर सोमवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई। देवाटांड़ गांव के पास एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतका की पहचान धोधो गांव निवासी शाहिदा खातून के रूप में हुई है, जबकि घायल पति बसरूद्दीन अंसारी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। शाहिदा खातून अपने पति बसरूद्दीन अंसारी के साथ बाइक से झबदाटांड़ गांव जा रही थीं। देवाटांड़ गांव के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें संभाला, लेकिन शाहिदा खातून की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतका के शव को सड़क पर रखकर बेंगाबाद-नवडीहा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और दोनों ओर लंबी कतारें लग गईं। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से भागने का प्रयास किया पर ग्रामीणों और स्थानीय लोगों की सूचना पर ट्रक को नवडीहा के पास पकड़ लिया गया। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस के काफी समझाने के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम हटाया। पुलिस घटना के कारणों और ट्रक चालक की भूमिका की जांच कर रही है।
Source link
गिरिडीह में ट्रक की टक्कर से महिला की मौत:बाइक सवार पति घायल, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम; बेंगाबाद-नवडीहा रोड पर हुआ हादसा
