Headlines

गुना में ऑनलाइन ठगी का नया तरीका:पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर पहले खाते में भेजे 3,690 रुपए; भरोसा जीतकर क्लिक कराया लिंक, उड़े 80 हजार रुपए




गुना शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की त्रिमूर्ति कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय युवती के साथ वर्क फ्रॉम होम जॉब के नाम पर 80 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। ठग ने पहले भरोसा जीतने के लिए युवती के खाते में काम के बदले छोटी रकम भेजी। इसके बाद टेलीग्राम पर लिंक भेजकर उसके बैंक खाते से 80 हजार रुपए निकाल लिए। त्रिमूर्ति कॉलोनी निवासी उर्वशी सूर्यवंशी (25) पुत्री मुकेश कुमार सूर्यवंशी ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उर्वशी ने बताया कि उसके पास एक अनजान नंबर से कॉल आया था। कॉल करने वाले ने वर्क फ्रॉम होम जॉब दिलाने का झांसा दिया और उससे पर्सनल डिटेल मांगी। पहले खाते में भेजे 3,690 रुपए पुलिस के मुताबिक, 28 सितंबर को काम पूरा करने के बाद आरोपी ने उर्वशी के खाते में UPI के जरिए 1,040, 1,300 और 1,350 रुपए भेजे। इससे युवती को आरोपी पर भरोसा हो गया। इसके बाद आरोपी ने टेलीग्राम आईडी से एक लिंक भेजा। युवती ने जैसे ही लिंक पर क्लिक किया, उसके बैंक खाते से दो अलग-अलग ट्रांजैक्शन में रकम कट गई। दो खातों में ट्रांसफर हुए 80 हजार शिकायत के मुताबिक, खाते से 30 हजार रुपए शाहिल अली के खाते में और 50 हजार रुपए विशाल गनपत माली के खाते में ट्रांसफर हुए। इस तरह कुल 80 हजार रुपए की राशि चली गई। ठगी के बाद भी आरोपी ने 30 सितंबर को युवती को दोबारा मैसेज किया और कहा कि अगर वह 1 लाख रुपए और जमा करती है तो पूरी रकम वापस कर दी जाएगी। इसके बाद युवती को ठगी का अहसास हुआ। 1930 पर शिकायत के बाद केस दर्ज युवती ने मामले की शिकायत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर भी की। शिकायत और साइबर हेल्पलाइन से मिली जानकारी के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 318(4) और 319(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जिन बैंक खातों में रकम ट्रांसफर हुई है, उनकी जानकारी के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *