![]()
भास्कर न्यूज|गुमला घुरती रथयात्रा के पावन अवसर पर गुमला प्रखंड अंतर्गत फसिया पंचायत के आयुष्मान आरोग्य मंदिर, जोराग (मंदिर चबूतरा, टोगरी तरी) में निश्चय शिविर का आयोजन किया गया। जिला यक्ष्मा केंद्र गुमला के सहयोग से आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में टीबी (यक्ष्मा) के बढ़ते मामलों पर अंकुश लगाना और गुमला जिला को पूर्ण रूप से टीबी मुक्त बनाना है। गुमला प्रखंड के इस क्षेत्र में टीबी रोगियों की अधिक संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने यह विशेष पहल की। शिविर के दौरान बरटोली और तरी क्षेत्र के कुल 48 लोगों का निःशुल्क चेस्ट एक्स-रे किया गया। इसके साथ ही, संभावित टीबी लक्षण वाले 12 संदिग्ध मरीजों के बलगम के नमूने भी संग्रह किए गए, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है। शिविर में विशेष तौर पर उन उच्च जोखिम वाले समूहों पर ध्यान केंद्रित किया गया, जिनमें टीबी होने की आशंका अधिक होती है। हेल्थ वर्कर विनेश कवर द्वारा शिविर में आए लोगों के शुगर, ब्लड प्रेशर (बीपी) और अन्य स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जांच किए गए। चिकित्सकों की सलाह के बाद मरीजों को मौके पर ही निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी। शिविर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य कर्मियों ने सराहनीय भूमिका निभाई। इनमें मुख्य रूप से पंचायत समिति सदस्य सह ग्राम संगठन महिला मंडल की अध्यक्ष नीतू देवी, वार्ड सदस्या सुधा देवी, सहिया दीदी सुजाता देवी, फसिया की कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर कंचन कुमारी, जिला समन्वयक गुमला टीवी संवादक मुकेश साहू और टीवी चैंपियन निर्मल कुजूर शामिल रहे।
Source link
गुमला में टीबी उन्मूलन को लेकर निश्चय शिविर, 48 लोगों का हुआ मुफ्त एक्स-रे
