![]()
गुमला जिले के बिशुनपुर थाना क्षेत्र के सेरका सियारटोली गांव में एक बेटे ने शराब के नशे में अपने पिता की कुदाल से मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 70 वर्षीय बुधराम उरांव के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पुत्र महेश्वर उरांव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। परिजनों के अनुसार, आरोपी महेश्वर उरांव गुरुवार को शराब के नशे में घर पहुंचा था। किसी बात को लेकर उसका अपने पिता बुधराम उरांव से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर महेश्वर ने पास रखी कुदाल से पिता के सिर पर वार कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने बिशुनपुर थाना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल बुधराम उरांव को बिशुनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें गुमला सदर अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान शुक्रवार को बुधराम उरांव ने दम तोड़ दिया। मृत्यु की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमॉर्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटना के तुरंत बाद आरोपी पुत्र महेश्वर उरांव को गिरफ्तार कर लिया और वारदात में इस्तेमाल की गई कुदाल भी जब्त कर ली।
Source link
गुमला में बेटे ने की पिता की हत्या:शराब के नशे में की वारदात, कुदाल से सिर पर किया वार; आरोपी गिरफ्तार
