![]()
आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि अयोध्या के श्री राम मंदिर में जमीन खरीद, निर्माण कार्य और चढ़ावे में हुए बड़े घोटालों के दोषियों को ऊपर से नीचे तक पूरी तरह बचाने की कोशिश की जा रही है, जो कि एक महापाप है। उन्होंने ऐलान किया कि इस भ्रष्टाचार के खिलाफ आगामी रविवार से दिल्ली के रोहिणी से एक देशव्यापी ‘हस्ताक्षर अभियान’ (Signature Campaign) और सुंदरकांड पाठ की शुरुआत की जाएगी। राम के घर में डकैती डालने वालों को बचाया जा रहा अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले कुछ दिनों का घटनाक्रम दिखाता है कि सरकार दोषियों को संरक्षण दे रही है। उन्होंने कहा कि वहां जमीनों के बड़े-बड़े घोटाले हुए, जिसके सारे कागजात मौजूद हैं। 2 करोड़ की जमीन मंदिर ट्रस्ट ने 18 करोड़ में खरीदी। निर्माण कार्य में 40% कमीशन मांगा गया, जिसके आरोप खुद वहां के इंजीनियरों ने लगाए हैं। सीसीटीवी कैमरों में चढ़ावा चोरी की घटनाएं कैद हुईं, लेकिन कोई ठोस जांच या बड़ी गिरफ्तारी नहीं हुई। सिर्फ आठ छोटे कर्मचारियों को पकड़कर जेल में डाल दिया गया और असली बड़े मगरमच्छों को बचाने का खेल चल रहा है। सुंदरकांड पाठ से अभियान की शुरुआत केजरीवाल ने सभी राम भक्तों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस मुहिम का हिस्सा बनें। उन्होंने बताया कि इस रविवार को सुबह 11:30 बजे, रोहिणी के सेक्टर-10 स्थित जापानी पार्क के जेएमडी टेंट (JMD Tent) में एक भव्य सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। भगवान श्री राम और हनुमान जी का आशीर्वाद लेकर यहीं से देशव्यापी सिग्नेचर कैंपेन की शुरुआत होगी। पीएम मोदी के नाम जनता लिखेगी पत्र आम आदमी पार्टी इस अभियान के तहत देश भर में घर-घर जाएगी और जगह-जगह हनुमान चालीसा के पाठ आयोजित करेगी। इस दौरान देश के नागरिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक पत्र पर हस्ताक्षर करेंगे। पत्र के मुख्य अंश – आस्था को ठेस: करोड़ों श्रद्धालुओं ने अपनी गाढ़ी कमाई और जीवनभर की जमा-पूंजी राम मंदिर के लिए दान कर दी, जिसकी रसीद तक नहीं मांगी। आज इस चोरी से उनका विश्वास टूटा है। – चुप्पी पर सवाल: श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के हर सदस्य को प्रधानमंत्री ने खुद चुना है, जो उनके बेहद करीबी हैं। ऐसे में इस महाघोटाले पर प्रधानमंत्री की चुप्पी आहत करने वाली है। – दोषियों को मिले फांसी: एसआईटी (SIT) और एफआईआर (FIR) महज आंखों में धूल झोंकने की कोशिश है। भगवान राम के घर में चोरी करने वालों को सरेआम फांसी की सजा मिलनी चाहिए। हर सनातनी का फर्ज केजरीवाल ने अंत में कहा कि यह किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि हर राम भक्त और सनातनी का धर्म है कि वह प्रभु के घर में डकैती डालने वालों को सजा दिलवाए। उन्होंने दावा किया कि जनता की इस आवाज के बाद भगवान के आशीर्वाद से चंदा चोरों को सजा जरूर मिलेगी।
Source link
राम मंदिर घोटाले के खिलाफ देशभर में चलेगा हस्ताक्षर अभियान:केजरीवाल ने PM मोदी की चुप्पी पर उठाए सवाल; बोले- दोषियों को बचाना महापाप
