![]()
गुमला जिले के पुसो थाना क्षेत्र में एक 45 वर्षीय ग्रामीण का शव नदी से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान लाका ग्राम निवासी सुरेश उरांव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सुरेश उरांव गुरुवार सुबह करीब 9:10 बजे अपने मवेशी चराने के लिए कुलडिपा की ओर गए थे। दिनभर बीतने के बाद जब शाम को मवेशी अपने आप घर लौट आए। मवेशी चराने गया सुरेश घर नहीं पहुंचे थे। परिजनों ने तत्काल आसपास के इलाकों में उनकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन पहले दिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद लगातार तीन दिनों तक गांव और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन जारी रही। बच्चों ने नदी में देखा शव, मचाया शोर घटना के तीसरे दिन बड़री गांव के कुछ बच्चे नदी में नहा रहे थे। तभी उनकी नजर पानी में एक शव पर पड़ी। बच्चों ने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला। शव की स्थिति को देखकर आशंका जताई जा रही है कि वह कई दिनों से पानी में पड़ा हुआ था। बाद में पहचान होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के बाद सौंपा गया शव घाघरा के एसआई राजेंद्र सवैया ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुसो थाना क्षेत्र की नदी से एक शव बरामद हुआ है, जिसकी पहचान सुरेश उरांव के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे सदर अस्पताल गुमला भेजा, जहां पोस्टमार्टम कराया गया। प्रथम दृष्टया मामला डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
Source link
गुमला में मवेशी चराने गया; घर ही नहीं लौटा:तीन दिन बाद नदी में तैरती मिली लाश, डूब कर मरने की आशंका
