Headlines

गुमला में सांप के डसने से छात्र की मौत:झाड़-फूंक में गंवाया वक्त, अस्पताल पहुंचने से पहले हो गई मौत




गुमला जिले के रायडीह थाना क्षेत्र में जहरीले सांप के काटने से 14 वर्षीय छात्र बजरंग सिंह की मौत हो गई। छात्र अपने घर में जमीन पर सो रहा था। बताया जा रहा है कि रात करीब 11 बजे एक जहरीले सांप ने उसे डस लिया। सांप के काटते ही ननकू दर्द से चीखकर उठा, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने सांप को मार दिया, लेकिन तब तक जहर शरीर में फैलने लगा था। आनन-फानन में परिवार ने मदद जुटाने की कोशिश की, लेकिन समय तेजी से हाथ से निकलता गया। हालत बिगड़ने पर अस्पताल ले गए घटना के बाद परिजनों ने गांव के एक भगत को बुलाकर झाड़-फूंक कराना शुरू किया। इस प्रक्रिया में करीब डेढ़ घंटे का समय लग गया, लेकिन छात्र की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। स्थिति गंभीर होते देख परिजन उसे लेकर सदर अस्पताल पहुंचे। रविवार सुबह अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और दोपहर में परिजनों को सौंप दिया। इस घटना ने एक बार फिर इलाज में देरी और अंधविश्वास के खतरनाक परिणामों को उजागर कर दिया है। अंधविश्वास से बचें, तुरंत लें चिकित्सा मदद मृतक छात्र टोंगो स्कूल में नौवीं कक्षा का विद्यार्थी था। उसकी असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। सदर अस्पताल के सिविल सर्जन शंभू चौधरी ने लोगों से अपील की है कि बरसात के दिनों में सांप अक्सर बिलों से बाहर निकलते हैं। इसलिए सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जमीन पर सोने से बचें और सांप काटने की स्थिति में बिना समय गंवाए सीधे अस्पताल जाएं। झाड़-फूंक जैसे अंधविश्वासों में समय बर्बाद करने से जान का खतरा बढ़ जाता है, जबकि समय पर इलाज मिलने से जीवन बचाया जा सकता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *