Headlines

गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर हाईवे सर्विस लेन 2 महीने तक बंद:स्टॉर्मवॉटर ड्रेन का निर्माण शुरू, रूट डायवर्सन लागू किया, पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी




दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे (NH-48) पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए बड़ी खबर है। गुरुग्राम में हाईवे की एक प्रमुख सर्विस लेन को आज सुबह 6 बजे से अगले दो महीने 15 अक्टूबर तक के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण द्वारा सेक्टर 76 से 80 के बीच और हाईवे के किनारे स्टॉर्मवॉटर ड्रेन का निर्माण कराया जा रहा है। इस की वजह से दिल्ली से जयपुर जाने वाली दिशा की सर्विस लेन रामपुर चौक फ्लाईओवर के नीचे से शुरू होकर आईएमटी मानेसर तक बंद रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है। ट्रैफिक पुलिस ने वाहनों की लंबी कतारों और जाम से बचने के लिए रूट डायवर्जन लागू किए हैं। इन छह डायवर्जन रूट का प्रयोग करें जयपुर से दिल्ली और रामपुर जाने के लिए: जो लोग जयपुर से दिल्ली की तरफ आ रहे हैं और उन्हें रामपुर जाना है, उन्हें पुलिस द्वारा तय किए गए विशेष डायवर्जन मार्ग से होकर गुजरना होगा। नौरंगपुर जाने का रास्ता: नौरंगपुर की तरफ जाने वाले वाहनों को सीधे जाने की अनुमति नहीं होगी। इन वाहनों को खेड़की दौला टोल प्लाजा से ठीक पहले बने कट से यू-टर्न लेना होगा और फिर वहां से नौरंगपुर की तरफ जाना होगा। आईएमटी मानेसर से सेक्टर-85 के लिए: आईएमटी मानेसर से जो लोग सेक्टर-85 की ओर जाना चाहते हैं, उन्हें मुख्य हाईवे पर आगे बढ़ते हुए रामपुर एग्जिट का उपयोग करना होगा। वहां से वे सीधे सेक्टर-85 की सड़क पर जा सकेंगे। रामपुर से जयपुर जाने का रास्ता: रामपुर से जयपुर की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को सेक्टर-85 के अंदरूनी रास्ते से होते हुए सर्विस रोड पर आना होगा। इसके बाद उन्हें खेड़की दौला टोल प्लाजा से पहले यू-टर्न लेकर वापस हाईवे पकड़ना होगा और फिर वे जयपुर की ओर जा सकेंगे। सेक्टर-85 से रामपुर और नौरंगपुर जाने के लिए: सेक्टर-85 से रामपुर या नौरंगपुर जाने वाले वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे किसी अंदरूनी रास्ते के बजाय सीधे रामपुर फ्लाईओवर का इस्तेमाल करें। पुलिस की अपील: नियमों का पालन करें सड़क बंद होने के कारण एक्सप्रेसवे और उससे जुड़ने वाले लिंक रोड पर गाड़ियों का दबाव बहुत ज्यादा बढ़ सकता है। ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि निर्माण कार्य शहर की जलभराव समस्या को दूर करने के लिए बहुत जरूरी है। उन्होंने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे जल्दबाजी न करें, तय किए गए रास्तों का ही पालन करें, यातायात के नियमों को न तोड़ें और यात्रा के दौरान धैर्य बनाए रखें । पुलिस ने यह भी कहा कि सड़कों पर अतिरिक्त जवानों की तैनाती की जा रही है ताकि लोगों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े। लोग अपनी और दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ही घर से निकलें और यात्रा के लिए थोड़ा अतिरिक्त समय लेकर चलें।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *