![]()
हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) की टीम ने गुरुग्राम में नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ब्यूरो की टीम ने सिग्नेचर टावर के पास से एक विदेशी नागरिक को 13.72 ग्राम MDMA के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान ओकाके फ्राइडे उर्फ रिचर्ड के रूप में हुई है। HSNCB की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी बाइक पर MDMA लेकर सिग्नेचर टावर के आसपास पहुंचने वाला है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए, टीम ने निर्धारित स्थान पर निगरानी शुरू कर दी। कुछ समय बाद एक व्यक्ति बाइक पर वहां पहुंचा, जिसे टीम ने संदेह के आधार पर रोक लिया। विदेशी नशा तस्कर की बाइक जब्त तलाशी के दौरान, आरोपी के बैग से 13.72 ग्राम MDMA बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसकी बाइक भी जब्त कर ली। बरामद नशीले पदार्थ को आगे की जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। तस्करी के नेटवर्क की जांच कर रही पुलिस इस मामले में सेक्टर-40 थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस और HSNCB की टीम अब आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह MDMA कहां से लाया था और इसकी आपूर्ति किन लोगों को की जानी थी। जांच एजेंसियां आरोपी के संपर्कों और संभावित ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भी जानकारी जुटा रही हैं। क्या होता है MDMA एमडीएमए (MDMA) एक कृत्रिम (सिंथेटिक) और अवैध नशीला पदार्थ है। इसका पूरा नाम 3,4-मिथाइलेनेडियोक्सीमेथैम्फेटामाइन (3,4-methylenedioxymethamphetamine) है। इसे आम बोलचाल की भाषा में ‘एक्सटेसी’ (Ecstasy) या ‘मॉली’ (Molly) भी कहा जाता है। यह एक पार्टी या क्लब ड्रग है जो दिमाग के तंत्रिका तंत्र पर असर डालता है।
Source link
गुरुग्राम में MDMA समेत विदेशी नशा तस्कर गिरफ्तार:आरोपी की बाइक जब्त; सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
