Headlines

गोड्डा में पेड़ से लटका मिला युवक का शव:पत्नी ने शराब पीकर मारपीट का लगाया आरोप, पति-पत्नी के बीच सुबह हुआ था विवाद




गोड्डा जिले के पथरगामा थाना क्षेत्र के चिलकारा हरिजन टोला में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान कुंदन कुमार दास के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। बताया गया कि कुंदन अपनी पत्नी नेहा कुमारी के साथ चिलकारा हरिजन टोला स्थित उसके मायके में रह रहा था। नेहा की तबीयत खराब रहने के कारण वह ससुराल लंगड़ाडीह से मायके आई हुई थी और कुंदन भी उसके साथ आया था। सोमवार सुबह दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद कुंदन घर से निकल गया। काफी देर तक उसके वापस नहीं लौटने पर पत्नी नेहा उसे खोजने के लिए निकली। तलाश के दौरान उसने कुंदन को एक पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका देखा। इसके बाद घटना की सूचना पथरगामा थाना पुलिस को दी गई। पत्नी का आरोप- शराब पीकर अक्सर करता था मारपीट मृतक की पत्नी नेहा कुमारी ने बताया कि कुंदन शराब पीने का आदी था और शराब के नशे में अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। नेहा के अनुसार, दोनों की शादी वर्ष 2024 में लंगड़ाडीह में हुई थी और शादी के शुरुआती दिनों से ही पति का उसके साथ मारपीट करने का सिलसिला शुरू हो गया था। उन्होंने बताया कि खराब तबीयत के कारण वह कुछ समय से अपने मायके चिलकारा हरिजन टोला में रह रही थीं। कुंदन भी उनके साथ वहीं मौजूद था। पत्नी के मुताबिक, घटना वाले दिन सुबह भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। विवाद के बाद कुंदन घर से चला गया और काफी देर तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद नेहा उसकी तलाश में निकलीं। इसी दौरान उन्हें कुंदन का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा सूचना मिलते ही पथरगामा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेज दिया। पथरगामा थाना प्रभारी कृष्णा साहा ने बताया कि उन्हें युवक के फांसी लगाकर आत्महत्या करने की जानकारी मिली है। प्रारंभिक सूचना के अनुसार, मृतक और उसकी पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस ने फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *