Headlines

गोराया फिल्लौर हाईवे पर खड़े टिप्पर से टकराई कार:70 साल की बुजुर्ग महिला की मौत; कार चालक के नशे में होने की आशंका




गोराया-फिल्लौर नेशनल हाईवे पर गांव बच्छोवाल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। सड़क किनारे खड़े एक टिप्पर में पीछे से बेकाबू कार के टकराने से यह दुर्घटना हुई। मौके पर पहुंची सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) और पुलिस ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में कार चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है, जिसका पुलिस द्वारा मेडिकल करवाया जा रहा है। जालंधर के गोराया-फिल्लौर हाईवे पर गांव बच्छोवाल के सामने यह भीषण हादसा पेश आया। जानकारी के अनुसार, हाईवे किनारे एक टिप्पर खड़ा था और उसका चालक उसमें पानी डाल रहा था। इसी दौरान जालंधर की ओर से आ रही एक कार अनियंत्रित होकर खड़े टिप्पर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के समय कार में एक बुजुर्ग महिला और चालक सवार थे। जोरदार भिड़ंत के कारण कार में सवार करीब 70 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद राहगीरों का जमावड़ा लग गया।
घटना स्थल पर पहुंची SSF की टीम स्थानीय लोगों ने तुरंत इस दुर्घटना की सूचना सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) की टीम को दी। सूचना मिलते ही एसएसएफ के प्रभारी एएसआई जसविंदर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल महिला को कार से बाहर निकाला और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर फिल्लौर थाने के एसआई धर्मेंद्र सिंह भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एसआई धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मृतका की उम्र करीब 70 वर्ष के आसपास है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
कार चालक नशे के हालत में दिख रहा था पुलिस जांच के दौरान कार चालक की स्थिति संदिग्ध पाई गई। अधिकारियों के अनुसार चालक नशे की हालत में लग रहा था। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है और उसकी डॉक्टरी जांच (मेडिकल) करवाई जा रही है, ताकि नशे की पुष्टि हो सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है। मृतक महिला के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और उनके बयानों के आधार पर आरोपी के खिलाफ बनती कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *