गोवर्धन परिक्रमा से लौट रहे युवकों पर पलवल में हमला:कट्टे की बट और बीयर बोतल से किए वार, सोने की चेन-कैश छीना




गोवर्धन की परिक्रमा कर लौट रहे युवकों पर पलवल जिले के होडल में हमला करने का मामला सामने आया है। घायल युवक की शिकायत पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। होडल थाना प्रभारी बलजीत सिंह के अनुसार, औरंगाबाद निवासी अमित कुमार ने शिकायत में बताया कि वह रात के समय अपने साथियों कुलदीप, अमित और योगेश के साथ गोवर्धन की परिक्रमा पूरी कर अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में जब वे होडल स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर गाड़ी में पेट्रोल डलवाने के लिए रुके और वहां बनी दुकान पर पानी लेने गए। बीयर की बोतल और कट्टे की बट से किए वार इसी दौरान होडल निवासी पवन हाथ में कट्टा लेकर वहां आ गया। उसके साथ खिरबी गांव निवासी नरसी और जुग्गी तथा कुछ अन्य साथी भी थे, जिनके हाथों में बीयर की बोतलें थीं। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने आते ही उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि पवन ने कट्टा दिखाकर अमित के गले से सोने की चेन छीन ली और जुग्गी ने उसकी जेब से 6 हजार 370 रुपए निकाल लिए। इसके बाद जुग्गी ने अमित के सिर पर बीयर की बोतल से वार किया और पवन ने कट्टे की बट से सिर पर कई बार प्रहार किए। घायल को गंभीर हालत में किया रेफर इस हमले में अमित के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं और उसके कानों से खून बहने लगा। पीड़ित किसी तरह अपनी जान बचाकर पलवल सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *