![]()
धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के उपर बाजार गुलाम कांटा के पास सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। महिला अपने पति और दो बच्चों के साथ बाइक से घर लौट रही थी। इसी दौरान एक ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसका पति और दोनों बच्चे सुरक्षित बच गए। मृतका कुबरीटांड़ जमडीहा की रहने वाली थी। हादसे की सूचना मिलते ही गोविंदपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए SNMMCH भेज दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर सीओ, गोविंदपुर पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया। सड़क ठीक कराने की मांग हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क की बदहाल स्थिति और लगातार हो रहे हादसों को लेकर नाराजगी जताई। लोगों का कहना था कि ब्रिज निर्माण के कारण गोविंदपुर इलाके में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे सड़क पर आवाजाही मुश्किल हो गई है। आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों ने सड़क को जल्द दुरुस्त कराने और मृतका के परिवार को मुआवजा देने की मांग की। लोगों ने बताया कि एक दिन पहले भी इसी इलाके में टेंपो पलटने से एक महिला की मौत हुई थी। लगातार दूसरे दिन हादसे में महिला की जान जाने से लोगों में आक्रोश बढ़ गया। लोगों ने प्रशासन से सड़क की स्थिति सुधारने और यातायात व्यवस्था को बेहतर करने की मांग की, ताकि आगे ऐसे हादसों को रोका जा सके। तत्काल 40 हजार की मदद, एक लाख मुआवजा-इंश्योरेंस क्लेम मिलेगा मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की पीड़ित परिवार से बातचीत हुई। इसके बाद मृतका के परिवार को तत्काल 40 हजार रुपए की आर्थिक मदद देने पर सहमति बनी। इसके अलावा जिला प्रशासन की ओर से मिलने वाले एक लाख रुपए के मुआवजे का लाभ दिलाने की बात कही गई। परिवार को इंश्योरेंस क्लेम के जरिए भी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया। वहीं सड़क की स्थिति को लेकर भी प्रशासन और स्थानीय लोगों के बीच सहमति बनी। सड़क को तीन दिनों के भीतर दुरुस्त कराने की बात कही गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क मरम्मत का काम तय समय में पूरा कराने और भविष्य में दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है।
Source link
गोविंदपुर में ट्रक ने बाइक सवार महिला को रौंदा:महिला की मौत, पति-बच्चे बचे, हंगामे के बाद 3 दिन में सड़क ठीक करने पर बनी सहमति
