![]()
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-155 स्थित आदर्श परीक्षा केंद्र पर मंगलवार को एसएससी की सीएचटी परीक्षा रद्द हो गई। तकनीकी खराबी के कारण परीक्षा शुरू नहीं हो पाई। सर्वर में दिक्कत की वजह से कई छात्रों के सिस्टम में तय समय पर लॉगिन नहीं हो सका। परीक्षा रद्द होने की खबर मिलते ही छात्र-छात्राओं ने केंद्र के बाहर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को समझाकर शांत कराया। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार दोपहर 12 बजे से आदर्श परीक्षा केंद्र पर एसएससी की सीएचटी परीक्षा होनी थी। इसमें करीब 2500 छात्रों के शामिल होने की व्यवस्था थी। सभी छात्र तय समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच गए थे। परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले केंद्र के सर्वर में तकनीकी खराबी आ गई। इस वजह से कुछ छात्रों के कंप्यूटर सिस्टम में लॉगिन नहीं हो पाया। काफी देर तक परीक्षा शुरू न होने पर छात्रों में नाराजगी बढ़ गई। उन्होंने परीक्षा केंद्र के बाहर हंगामा करना शुरू कर दिया। छात्रों का कहना था कि वे दूर-दराज से परीक्षा देने आए थे, लेकिन केंद्र की तकनीकी खामी के कारण उन्हें परेशानी हुई। बिना परीक्षा दिए वापस भेजे जाने पर छात्रों ने नाराजगी जताई। सर्वर की तकनीकी समस्या के चलते एसएससी एनआर (नॉर्थ रीजन) ने परीक्षा रद्द कर दी। छात्रों को बताया गया कि यह परीक्षा अब रविवार, 13 सितंबर 2026 को दोबारा होगी। इसके बाद सभी छात्रों को बिना परीक्षा दिए ही वापस लौटना पड़ा। नॉलेज पार्क कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को समझाकर शांत कराया। फिलहाल मौके पर शांति बनी हुई है।
Source link
ग्रेटर नोएडा में SSC परीक्षा रद्द, छात्रों ने किया हंगामा:सर्वर खराब होने से नहीं हो पाई शुरू, पुलिस ने समझाकर शांत कराया
