![]()
ग्वालियर के एबी रोड (आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे) पर रविवार शाम बेखौफ बदमाशों की रंगदारी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक बिना नंबर की सफेद बोलेरो से आए हथियारबंद बदमाशों ने किराना सामान से भरे एक कंटेनर को ओवरटेक कर रोक लिया। बंदूक की नोक पर रंगदारी मांगने के दौरान जब चालक ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो बदमाशों ने गाड़ी पर राइफल से ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोलियों से कंटेनर के पूरे 12 टायर पंक्चर (बर्स्ट) हो गए। इसी समय वहां से पुलिस की पेट्रोलिंग टीम निकली तो बदमाश आरोपी चालक-हेल्पर को जान से मारने और आगे गाड़ी चलाने पर रंगदारी देने की धमकी देकर फरार हो गए। रविवार रात को मामले में पुलिस ने मामला जांच में लेकर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। एक बदमाश की पहचान कल्ली गुर्जर निवासी मुरैना के रूप में हुई है। दिल्ली से भोपाल जा रहा था कंटेनर, बोलेरो अड़ाकर रोका
भोपाल के नजीराबाद निवासी 24 वर्षीय घनश्याम गुर्जर पिता चंदर सिंह गुर्जर ट्रक चालक है। वह अपने हेल्पर चेतराम तोमर के साथ कंटेनर (RJ11-GB8882) में दिल्ली से किराना का सामान लादकर भोपाल जा रहा था। रविवार शाम करीब 6:30 बजे जैसे ही उनका कंटेनर घाटीगांव थाना क्षेत्र के एबी रोड स्थित सिरसा से आगे ‘सिंघाईगढ़ा’ के पास पहुंचा, तभी पीछे से एक बिना नंबर सफेद रंग की बोलेरो तेज रफ्तार में आई। बोलेरो चालक ने कंटेनर को कट मारकर आगे गाड़ी अड़ा दी और रास्ता पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया। बंदूक तानकर मांगा हाइवे टैक्स, मना करने पर दागीं गोलियां
कंटेनर रुकते ही बोलेरो में से तीन अज्ञात हथियारबंद बदमाश नीचे उतरे। आरोपियों के हाथों में राइफलें थीं, जिन्हें देखकर चालक घनश्याम और हेल्पर चेतराम दहशत में आ गए। बदमाशों ने सीधे चालक पर बंदूक तान दी और हाईवे पर गाड़ी निकालने के एवज में रंगदारी (गुंडा टैक्स) की मांग की। चालक घनश्याम ने जब हिम्मत दिखाते हुए रंगदारी देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने धमकी दी कि ‘अगर इस सड़क पर गाड़ियां चलानी हैं, तो हमें रंगदारी देनी ही पड़ेगी।’ इसके बाद बदमाशों ने गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी और एक-एक कर कंटेनर के पूरे 12 टायरों पर राइफल से फायर कर उन्हें ब्लास्ट कर दिया। बोलेरो सवारों में से एक हमलावर की पहचान स्थानीय लोगों ने कल्ली गुर्जर निवासी ग्राम वरवासिन, थाना देवगढ़, जिला मुरैना के रूप में की है। लोगों का कहना है कि काफी समय से वह अपने साथियों के साथ हाइवे पर गुंडागर्दी कर रहा है। डायल 112 पर दी सूचना; मुरैना के बदमाशों पर केस दर्ज
वारदात के सामने सायरन की आवाज सुनकर बदमाश हथियार लहराते हुए अपनी बोलेरो से मौके से फरार हो गए। खौफजदा चालक घनश्याम ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही घाटीगांव थाना पुलिस और 112 की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का मुआयना करने के बाद पीड़ितों को थाने भिजवाया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश
घाटीगांव थाना पुलिस ने पीड़ित चालक घनश्याम की लिखित शिकायत पर नामजद आरोपी कल्ली गुर्जर और उसके दो अन्य साथियों के खिलाफ रंगदारी मांगने, जानलेवा हमला करने, आर्म्स एक्ट और तोड़फोड़ की गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मुरैना और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
Source link
ग्वालियर में हाईवे पर बंदूक दिखाकर ट्रक को रोका:रंगदारी न देने पर बोलेरो सवारों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, गोलियां मारकर 12 टायर किए बर्स्ट
