Headlines

ग्वालियर में हिट एंड रन, रोंगटे खड़े करने वाला VIDEO:बेकाबू बाइक की टक्कर से 20 फीट घिसटी 78 साल की वृद्धा, 6 दिन जिंदगी से संघर्ष फिर मौत




ग्वालियर में तेज रफ्तार बाइक सवार युवकों ने एक 78 वर्षीय वृद्धा की जान ले ली। हादसा सोमवार (27 जुलाई) को कुशवाह मैरिज गार्डन के पास हुआ था। इस खौफनाक ‘हिट एंड रन’ हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई बुजुर्ग महिला अस्पताल में 6 दिनों तक जिंदगी और मौत की जंग लड़ती रहीं, आखिरकार शनिवार (1 अगस्त) देर रात उसने दम तोड़ दिया है। पूरी घटना पास ही लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई थी, जिसमें तेज रफ्तार बाइक वृद्धा को टक्कर मारकर दूर तक घसीटती नजर आ रही है। कथा सुनकर लौट रही थीं, पीछे से आई बाइक
सरवटे की पहाड़िया (गिरवाई) निवासी रामवती कुशवाह सोमवार दोपहर अपनी पड़ोसी ऊषा कुशवाह के साथ बाबा गार्डन में आयोजित भागवत कथा सुनने गई थीं। शाम करीब 5:45 बजे कथा समाप्त होने के बाद दोनों पैदल घर लौट रही थीं। जैसे ही वह कुशवाह मैरिज गार्डन के पास किराने की दुकान के सामने पहुंचीं, पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक सवारों ने उन्हें टक्कर मार दी। बाइक पर 3 युवक सवार थे। टक्कर इतनी भयानक थी कि रामवती सड़क पर गिरकर करीब 20 फीट तक बाइक के साथ घिसटती चली गईं। सिर, हाथ समेत कई जगह आई थीं चोटें
हादसे में रामवती बाई के सिर, दाहिने हाथ, कंधे, कान और पूरे शरीर में गंभीर चोटें आई थीं। परिजनों ने पहले उन्हें तत्काल जयारोग्य अस्पताल (JAH) में भर्ती कराया, लेकिन हालत बेहद नाजुक होने के कारण उन्हें एक निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया। डॉक्टरों ने शुरुआत में ही महिला की हालत बेहद गंभीर बता दी थी, फिर भी परिजन और बेटा भगवान से मां की सलामती की मिन्नतें करते रहे। हालांकि तमाम कोशिशों के बावजूद शनिवार को वृद्धा जिंदगी की जंग हार गईं। CCTV में कैद हुई थी घटना, पुलिस ने बाइक जब्त की
घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई थी। मृतका के पुत्र बृजेश कुशवाह की लिखित शिकायत पर गिरवाई थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। घटना के सीसीटीवी फुटेज में बेकाबू बाइक महिला को घसीटते हुए साफ नजर आ रही है।
गिरवाई थाना टीआई सुरेंद्र नाथ यादव का कहना हैं कि हादसे में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई है। बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर संबंधित बाइक को जब्त कर लिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *