Headlines

चंडीगढ़-गणपति विसर्जन के बाद डांस को लेकर विवाद:युवक से मारपीट: चंडीगढ़ में दो पक्ष भिड़े, लात-घूंसे से पीटा; वीडियो वायरल, केस दर्ज




चंडीगढ़ में गणपति विसर्जन के बाद डांस करने के दौरान पैर लगने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ युवकों ने एक युवक की लात-घूंसों से जमकर पिटाई कर दी। घटना चंडीगढ़ के सेक्टर-42 के इटावा की है। मारपीट का करीब 2 मिनट 24 सेकंड का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कई युवक एक युवक को घेरकर पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। मारपीट के बाद पीड़ित युवक दीपक ने थाना-36 पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट करने वाले युवकों की पहचान करने में जुटी है। गणपति विसर्जन के बाद मोहल्ले में बजा डीजे दीपक ने पुलिस को बताया कि उनके मोहल्ले में गणपति की स्थापना की गई थी। शुक्रवार को गणपति विसर्जन के लिए सभी लोग एक साथ गए थे। विसर्जन के दौरान लोग एक-दूसरे पर रंग डालकर त्योहार की तरह खुशी मना रहे थे। गणपति विसर्जन के बाद सभी वापस इटावा स्थित अपने मोहल्ले में पहुंचे। यहां पहले से डीजे का कार्यक्रम रखा गया था। डीजे पर मोहल्ले के लोग और युवक डांस कर रहे थे। इसी दौरान डांस करते समय किसी युवक का पैर दूसरे युवक को लग गया। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। रोकने की कोशिश की, लेकिन युवक मारते रहे दीपक के अनुसार, पैर लगने की बात को लेकर कुछ युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन युवक नहीं रुके। इसके बाद मारपीट बढ़ती गई और कई युवक मिलकर दीपक को पीटने लगे। घटना का वीडियो भी सामने आया है। करीब 2 मिनट 24 सेकंड के इस वीडियो में एक युवक काले रंग की बनियान और लोअर पहने दिखाई दे रहा है। कई युवक उसे घेरकर पीट रहे हैं। आसपास मौजूद लोग उसे छुड़ाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं, लेकिन मारपीट करने वाले युवक उसे नहीं छोड़ते। जमीन पर गिराकर भी पीटते रहे वीडियो में दिखाई दे रहा है कि पीड़ित युवक मारपीट से बचने के लिए वहां से भागने की कोशिश करता है। वह कुछ दूरी तक जाता है, लेकिन मारपीट कर रहे युवक उसे दोबारा पकड़ लेते हैं। इसके बाद उसे लात-घूंसों से पीटा जाता है। युवक को जमीन पर गिराने के बाद भी मारपीट जारी रहती है। कुछ युवक उसे पकड़कर खींचते हुए दिखाई देते हैं। इस दौरान कुछ महिलाएं भी मौके पर पहुंचती हैं और युवक को छुड़ाने की कोशिश करती हैं। वीडियो में महिलाएं बचाओ-बचाओ चिल्लाती हुई भी सुनाई देती हैं। पुलिस पहुंची, युवकों को खदेड़ा मारपीट की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। वीडियो में पुलिसकर्मी हाथ में डंडा लेकर मौके पर मौजूद युवकों को खदेड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस के पहुंचने के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, शिकायतकर्ता का आरोप है कि मारपीट करने वाले युवकों को मौके पर ही पुलिस पकड़ नहीं सकी। पुलिस के पहुंचने के दौरान भी कुछ युवक वहां मौजूद थे। वीडियो के आधार पर पहचान में जुटी पुलिस मारपीट के बाद दीपक ने थाना-36 में शिकायत दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस वायरल वीडियो को जांच का हिस्सा बनाकर उसमें दिखाई दे रहे युवकों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और मारपीट में कितने लोग शामिल थे। वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान होने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *