![]()
चंडीगढ़ नगर निगम की जनरल हाउस मीटिंग आज सेक्टर-17 नगर निगम में होगी। बैठक में शहर से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी, लेकिन सबसे ज्यादा हंगामा पिछली बैठक में बिना चर्चा पास किए गए टेबल एजेंडों को लेकर होने के आसार हैं। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के पार्षद इस मुद्दे पर मेयर और भाजपा को घेरने की तैयारी में हैं। सबसे अहम मुद्दा कजौली वाटर वर्क्स से सेक्टर-39 तक पानी की पाइपलाइन बदलने से जुड़ा करीब 227 करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट रहेगा। विपक्षी पार्षद सवाल उठाएंगे कि इतनी बड़ी राशि के प्रोजेक्ट को पिछली 31 जुलाई की बैठक में बिना विस्तृत चर्चा के कैसे पास किया गया। विपक्ष का आरोप है कि आखिरी समय में महज दो पन्नों के दस्तावेज के जरिए एजेंडा सदन में लाया गया था। भाजपा ने टेबल एजेंडों पर लिया यू-टर्न टेबल एजेंडों को लेकर लगातार बढ़ते विरोध के बाद भाजपा ने बुधवार को इस मामले पर बैठक की। भाजपा कार्यालय कमलम में प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा की अध्यक्षता में कोर ग्रुप की बैठक हुई। इसमें पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन, अरुण सूद और मेयर सौरभ जोशी समेत पार्टी के अन्य नेता मौजूद रहे। बैठक में फैसला लिया गया कि 31 जुलाई को बिना चर्चा पास किए गए टेबल एजेंडों को दोबारा सदन में लाया जाएगा। मेयर सौरभ जोशी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि अब किसी भी एजेंडे पर बिना चर्चा के फैसला नहीं होगा। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और जवाबदेही के लिए हर प्रस्ताव पर सदन में खुली चर्चा जरूरी है। विपक्ष पूछेगा- 227 करोड़ का एजेंडा कैसे पास हुआ? आज की बैठक में विपक्षी पार्षद इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाने की तैयारी में हैं। उनका सवाल होगा कि 227 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट को नियमों के मुताबिक विस्तृत चर्चा के बिना सदन में क्यों लाया गया और इसे पास करने की जल्दबाजी क्यों दिखाई गई। विपक्षी पार्षद यह भी पूछ सकते हैं कि टेबल एजेंडों को सदन की बैठक के मिनट्स में पास क्यों दिखाया गया। ऐसे में बैठक के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं। बारिश से जलभराव पर भी घिरेगा निगम मंगलवार को हुई तेज बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई थी। सड़कों पर पानी भरने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। आज सदन में विपक्ष इस मुद्दे को भी उठाएगा। पार्षद निगम प्रशासन से जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान और बारिश से पहले किए गए नालों तथा बरसाती पानी की निकासी के इंतजामों पर सवाल कर सकते हैं। 13 गांवों की सफाई का ठेका बढ़ाने का प्रस्ताव आज की बैठक में शहर के विकास और प्रशासन से जुड़े कई अन्य प्रस्ताव भी रखे जाएंगे। इनमें मनीमाजरा समेत 13 गांवों की सफाई का ठेका बढ़ाने का प्रस्ताव प्रमुख है। इस पर भी पार्षद चर्चा करेंगे और सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल उठा सकते हैं। मीट की दुकानों के लिए सख्त नियमों पर चर्चा शहर में मीट की दुकानों के लिए नए नियम लागू करने का प्रस्ताव भी सदन में आएगा। इसके तहत दुकानों के संचालन और नियमों के पालन को लेकर सख्ती बढ़ाने पर चर्चा होगी। कुल मिलाकर आज होने वाली बैठक में 227 करोड़ रुपए की पाइपलाइन परियोजना, टेबल एजेंडे, जलभराव, सफाई व्यवस्था और मीट की दुकानों के नियम प्रमुख मुद्दे रहेंगे। विपक्ष के तेवरों को देखते हुए सदन में हंगामा होने की संभावना है।
Source link
चंडीगढ़ निगम की हाउस मीटिंग आज:227 करोड़ की पाइपलाइन समेत कई एजेंडों पर विपक्ष घेरेगा सत्तापक्ष; बारिश से जलभराव का मुद्दा
