![]()
चंडीगढ़ में एक टैक्सी ड्राइवर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शनिवार तड़के सेक्टर-38 की सड़क के पास एक युवक की लाश मिलने की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। सूचना मिलते ही मलोया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू की और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। मृतक के शरीर पर चाकू के निशान मिले हैं। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस हत्या के एंगल से मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने शव को सेक्टर-16 अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। मृतक की पहचान 31 वर्षीय विजय कुमार के रूप में हुई है। वह मोहाली के कुराली का रहने वाला था। विजय शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं। वह किराए पर टैक्सी चलाता था। विजय जिस टैक्सी को चलाता था, वह गांव लोहा निवासी प्रदीप की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक विजय टैक्सी को किराए पर लेकर चलाता था और इसके लिए रोजाना करीब 700 रुपए किराया देता था। शुक्रवार सुबह खरड़ से टैक्सी लेकर निकला पुलिस के मुताबिक विजय शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे खरड़ से टैक्सी लेकर निकला था। इसके बाद वह कहां गया और उसके साथ कौन था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। शुक्रवार रात करीब 12:20 बजे सेक्टर-56 से एक टैक्सी बरामद हुई। टैक्सी वहां खड़ी मिली, लेकिन आसपास कोई व्यक्ति नहीं था। पुलिस ने टैक्सी को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। इसके बाद पुलिस को विजय के बारे में जानकारी नहीं मिली तो उसकी तलाश शुरू की गई। शरीर पर चाकू के निशान, हत्या के एंगल से जांच शनिवार तड़के पुलिस कंट्रोल रूम को सेक्टर-38 की सड़क के पास एक शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही मलोया थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बलदेव कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत फॉरेंसिक टीम को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने घटनास्थल की जांच की और वहां से जरूरी नमूने जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी भी करवाई। जांच को देखते हुए उस जगह को घेर दिया गया था। पुलिस को मृतक के शरीर पर चाकू के निशान मिले हैं। इसी वजह से पुलिस फिलहाल मामले को हत्या के एंगल से देख रही है। हालांकि हत्या की पूरी वजह और इसमें कौन शामिल है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस ने शव को सेक्टर-16 अस्पताल में रखवा दिया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद मौत के कारण से जुड़ी स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है। टैक्सी मालिक से भी पूछताछ पुलिस ने टैक्सी मालिक प्रदीप के बयान भी दर्ज किए हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विजय शुक्रवार सुबह टैक्सी लेकर निकलने के बाद किन लोगों के संपर्क में था और आखिरी बार उसे किसने देखा था। पुलिस टैक्सी से जुड़े लोगों और मृतक के संपर्क में रहे लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। खरड़ से लेकर चंडीगढ़ तक सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस मामले की जांच में पुलिस सीसीटीवी फुटेज को अहम सुराग मानकर चल रही है। पुलिस सेक्टर-38 के आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही खरड़ से लेकर चंडीगढ़ तक के रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विजय की टैक्सी में उसके साथ कोई और व्यक्ति था या नहीं। इसके अलावा टैक्सी सेक्टर-56 तक कैसे पहुंची और वहां उसे कौन छोड़कर गया, इसकी भी जांच की जा रही है। बॉडी एक जगह और कार दूसरे सेक्टर में मिली पुलिस की जांच में फिलहाल सबसे अहम बात यह सामने आई है कि टैक्सी सेक्टर-56 में मिली, जबकि शव सेक्टर-38 के पास मिला। इसी वजह से पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विजय की हत्या कहां हुई और शव को सेक्टर-38 के पास किसने फेंका। पुलिस खरड़ से लेकर चंडीगढ़ तक के रास्ते की सीसीटीवी फुटेज खंगालकर विजय की आखिरी गतिविधियों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि टैक्सी को सेक्टर-56 में खड़ा करने वाला व्यक्ति कौन था और वह वहां से किस तरह फरार हुआ।
Source link
चंडीगढ़ में टैक्सी ड्राइवर की हत्या-दूसरे सेक्टर से कार बरामद:सड़क किनारे ड्राइवर की लाश मिली; शरीर पर चाकू के निशान, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
