![]()
चंडीगढ़ में मुफ्त पेट्रोल का इंतजार कर रहे लोगों को अब 21 से 23 अगस्त तक पेट्रोल का लंगर मिलने का दावा किया गया है। मंगलवार को सेक्टर-10 के पेट्रोल पंप पर लंगर लगाने की तैयारी थी, लेकिन भारी बारिश और भीड़ के कारण कार्यक्रम नहीं हो सका। आयोजक राकेश त्रेहन उर्फ ‘राजा दी किंग’ ने बारिश का हवाला देते हुए कार्यक्रम स्थगित करने की बात कही। इसी बीच मौके पर पहुंची पुलिस आयोजक को अपनी गाड़ी में बैठाकर थाने ले गई और बाद में समझाकर छोड़ दिया। सेक्टर-10 पेट्रोल पंप पर मुफ्त पेट्रोल मिलने की जानकारी के बाद बड़ी संख्या में लोग अपने वाहन लेकर पहुंच गए थे। कई लोग तेज बारिश में घंटों कतार में खड़े रहे। जब पेट्रोल नहीं मिला तो वहां पहुंचे लोगों ने नाराजगी जताई। लोगों का कहना था कि अगर कार्यक्रम नहीं करना था तो उन्हें यहां बुलाया ही क्यों गया। कूपन बांटे, टैंकर भी पहुंचा था राजा दी किंग की ओर से पेट्रोल के लंगर की तैयारियां पहले से की गई थीं। लोगों को कूपन बांटे गए थे और पेट्रोल पंप पर तेल का टैंकर भी पहुंच गया था। इसके बाद मंगलवार शाम बड़ी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन पंप पर पहुंचने लगे। मूसलाधार बारिश के बीच भी लोग पेट्रोल लेने की उम्मीद में कतारों में खड़े रहे। कई वाहन बारिश के पानी में बंद हो गए थे। लोग अपने वाहनों को धक्का मारकर पेट्रोल पंप तक लेकर पहुंचे। भारी भीड़ से लगा लंबा जाम मुफ्त पेट्रोल के लिए वाहनों की संख्या बढ़ने के कारण सेक्टर-10 पेट्रोल पंप के आसपास लंबा जाम लग गया। सड़क पर वाहनों की कतार लगने से दूसरे वाहन चालकों को भी परेशानी होने लगी। सूचना मिलने पर सेक्टर-3 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति संभाली और आयोजक राकेश त्रेहन को अपनी गाड़ी में बैठाकर थाने ले गई। पुलिस ने आयोजक को समझाया कि पेट्रोल का लंगर लगाने से एक जगह बड़ी संख्या में वाहन और लोग जमा हो सकते हैं। इससे अफरा-तफरी और हादसे का खतरा रहता है। पुलिस ने उन्हें जरूरतमंदों की मदद के लिए पीजीआई के बाहर लंगर लगाने की सलाह भी दी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, समझाने के बाद राजा दी किंग को छोड़ दिया गया। बंद वाहनों को कैंटर से हटाया बारिश के कारण कई वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए थे। इन वाहनों से भी यातायात प्रभावित हो रहा था। इसके बाद पुलिस टीम कैंटर लेकर मौके पर पहुंची और सड़क पर बंद पड़े वाहनों को कैंटर में लोड कर वहां से हटाया। वाहनों को हटाने के बाद पुलिस ने यातायात व्यवस्था सामान्य करवाई। मुफ्त पेट्रोल लेने के लिए सेक्टर-10 पहुंचे लोगों में कार्यक्रम रद्द होने को लेकर नाराजगी दिखाई दी। लोगों का कहना था कि उन्हें पहले से कूपन दिए गए थे और कार्यक्रम की जानकारी भी दी गई थी। इसके बाद वे बारिश में भी अपने वाहन लेकर यहां पहुंचे। लोगों ने सवाल उठाया कि अगर बारिश के कारण कार्यक्रम नहीं करना था तो उन्हें पहले ही इसकी जानकारी क्यों नहीं दी गई? कई लोग काफी देर तक इंतजार करने के बाद बिना पेट्रोल लिए वापस लौट गए। राजा ने वीडियो जारी कर मांगी माफी बाद में राजा दी किंग ने वीडियो जारी कर लोगों से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के कारण कार्यक्रम स्थगित किया गया है। उनका कहना है कि वह नहीं चाहते कि बारिश में लोग भीगें और बीमार पड़ें। उन्होंने अब 21 से 23 अगस्त तक इसी जगह पेट्रोल का लंगर लगाने की बात कही है। यानी मंगलवार को पेट्रोल लेने पहुंचे लोगों को अब अगले कार्यक्रम का इंतजार करना होगा।
Source link
चंडीगढ़ में 21 से 23 अगस्त मिलेगा पेट्रोल का लंगर:बारिश का हवाला देकर राजा दी किंग ने कार्यक्रम टाला; आयोजक को पुलिस ले गई
