Headlines

चंडीगढ़ से दिवाली-छठ पर हवाई सफर महंगा:पटना का किराया 24 हजार, पटना-लखनऊ की फ्लाइट दोगुना रेट; मुंबई, गोवा का किराया 40% बढ़ा




दिवाली और छठ पूजा पर घर जाने की तैयारी कर रहे लोगों की जेब पर इस बार हवाई सफर भारी पड़ रहा है। त्योहारों के नजदीक आने के साथ ही फ्लाइटों की मांग बढ़ने से किराए में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है। शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट चंडीगढ़ से पटना और लखनऊ जाने वाली फ्लाइटों का किराया दोगुने तक पहुंच गया है। जिन यात्रियों को सामान्य दिनों में 5 से 6 हजार रुपए में टिकट मिल जाता था, उन्हें अब 15 हजार रुपए या इससे अधिक चुकाने पड़ रहे हैं। वहीं, पटना की फ्लाइट का किराया 24 हजार रुपए से ऊपर पहुंच गया है। हालात यह हैं कि 28 दिन पहले टिकट बुक करने वाले यात्रियों को भी पहले के मुकाबले काफी अधिक किराया देना पड़ रहा है। त्योहार नजदीक आने के साथ फ्लाइटों के फ्लेक्सी फेयर के कारण किराया और बढ़ने की आशंका है। इसका एक बड़ा कारण उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाली नियमित व स्पेशल ट्रेनों में सीटों की कमी और लंबी वेटिंग भी है। ट्रेन में कन्फर्म टिकट नहीं मिलने के कारण यात्रियों के पास हवाई सफर का विकल्प चुनने के अलावा ज्यादा रास्ते नहीं बच रहे हैं। मुंबई, गोवा और बेंगलुरु का सफर भी महंगा त्योहारों के दौरान केवल बिहार और उत्तर प्रदेश जाने वाली फ्लाइटों के किराए में ही बढ़ोतरी नहीं हुई है। चंडीगढ़ से मुंबई, गोवा और बेंगलुरु जाने वाली फ्लाइटों के किराए में भी उतार-चढ़ाव के साथ बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इन रूटों पर किराया करीब 40% तक बढ़ने की बात सामने आई है। इससे दिवाली की छुट्टियों में घूमने जाने की योजना बना रहे लोगों का बजट भी बिगड़ रहा है। दिए गए किरायों के अनुसार, पटना और लखनऊ के रूट पर सबसे ज्यादा उछाल दर्ज किया गया है। पटना का किराया 10 अक्टूबर के ₹10,961 से बढ़कर 7 नवंबर के लिए ₹24,166 हो गया है। इसी तरह लखनऊ का किराया ₹6,500 से बढ़कर ₹13,692 पहुंच गया है। हालांकि, बेंगलुरु के लिए दिए गए आंकड़ों में किराया कम हुआ है। हवाई किराया बुकिंग के समय, सीटों की उपलब्धता और मांग के अनुसार बदल सकता है। ट्रेनों में भी कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हवाई किराया बढ़ने के बाद यात्रियों ने ट्रेन से सफर करने का विकल्प तलाशना शुरू किया है, लेकिन वहां भी राहत मिलना मुश्किल हो रहा है। उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाली कई प्रमुख ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। कुछ ट्रेनों में वेटिंग टिकट भी उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों को महंगे हवाई सफर या बसों में लंबी यात्रा का विकल्प चुनना पड़ रहा है। त्योहारों के दौरान घर जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने से ट्रेन और फ्लाइट, दोनों में सीटों की मांग बढ़ रही है। ऐसे में यात्रियों को टिकट बुक करने से पहले किराए और सीटों की उपलब्धता जांचने की जरूरत है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *