Headlines

चंबा के मिंजर मेले का पारंपरिक रीति-रिवाजों से समापन::मुख्यमंत्री सुक्खू ने किया पारंपरिक शोभायात्रा का नेतृत्व, विसर्जन कर सुख-समृद्धि की कामना




हिमाचल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर, आस्था और कृषि समृद्धि के प्रतीक कहे जाने वाले ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले का रविवार को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य समापन हो गया। इस ऐतिहासिक और धार्मिक उत्सव के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने विशेष रूप से शिरकत की। पूरे चंबा शहर में भक्ति, संस्कृति और उल्लास का ऐसा अनूठा माहौल देखा गया, जहां स्थानीय निवासियों से लेकर देश-विदेश के पर्यटकों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। समापन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने ऐतिहासिक अखंड चंडी पैलेस से मंजरी गार्डन तक निकाली गई पारंपरिक मिंजर शोभायात्रा का स्वयं नेतृत्व किया। इस दौरान चंबा की अनूठी सांस्कृतिक विरासत की मनमोहक झलक दिखाई दी। पारंपरिक वेशभूषा में सजे-धजे स्थानीय महिला-पुरुषों, सांस्कृतिक दलों, वाद्य यंत्र बजाते कलाकारों तथा हिमाचल प्रदेश पुलिस व होमगार्ड की टुकड़ियों ने पूरे मार्ग को जीवंत और दर्शनीय बना दिया।

रावी नदी में ‘मिंजर’ का विसर्जन और धार्मिक अनुष्ठान सदियों पुरानी परंपरा का पालन करते हुए मुख्यमंत्री ने लाल वस्त्र में बंधे नारियल, मौसमी फलों और सिक्के के साथ ‘मिंजर’ को पवित्र रावी नदी के जल में अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति और अच्छी फसल की कामना की। स्थानीय देवी-देवताओं की भव्य शोभायात्रा में शामिल होकर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की सुख-शांति के लिए उनका आशीर्वाद भी प्राप्त किया। इस गौरवमयी सांस्कृतिक आयोजन के दौरान क्षेत्र के प्रमुख राजनेता और प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया, स्थानीय विधायक नीरज नैय्यर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी, एपीएमसी चंबा के अध्यक्ष ललित ठाकुर, कांग्रेस नेता यशवंत खन्ना, अमित भरमौरी सहित उपायुक्त मुकेश रेपसवाल और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी विशेष रूप से शामिल हुए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *