![]()
अशोकनगर जिले के बहादुरपुर-मुंगावली मार्ग पर बुधवार को जतौली गांव के पास किसानों ने बिजली कटौती के विरोध में चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान कुछ किसान कीटनाशक दवा लेकर बैठे थे और उसे पीने की धमकी दे रहे थे। किसानों का आरोप है कि पंप लाइन के लिए निर्धारित 8 घंटे की जगह उन्हें पिछले कुछ समय से केवल 4 घंटे ही बिजली मिल रही है। इस कारण धान की फसल को समय पर पानी नहीं मिल पा रहा है, जिससे फसल प्रभावित हो रही है। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से बातचीत की और उनकी मांगें सुनीं। किसानों ने 8 घंटे बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की। चक्काजाम के बावजूद, चुनरी यात्रा में शामिल लोगों और महिला-बच्चों के साथ बाइक सवारों को रास्ता दिया गया। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने किसानों को आश्वासन दिया कि यह समस्या फॉल्ट के कारण हो रही है, जिसे जल्द ही ठीक कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके बाद किसानों को समय पर पर्याप्त 8 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाएगी।
Source link
चक्काजाम में किसानों ने कीटनाशक पीने दी धमकी:फसल खराब होने के डर से नाराजगी; 4 की जगह 8 घंटे बिजली देने की मांग
