![]()
चतरा जिले के मयूरहंड प्रखंड में जंगल की देखरेख के दौरान बरसाती नाले में बहने से 45 वर्षीय वनरक्षक राजकुमार भुइयां की मौत हो गई। उनका शव आज सुबह बन्हा चेकडैम के समीप बरामद किया गया। मृतक की पहचान हुसिया पंचायत के करकरा गांव निवासी राजकुमार भुइयां, पिता स्व. डहकू भुइयां के रूप में हुई है। राजकुमार पचमु जंगल में वनरक्षक के तौर पर तैनात थे। जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच वह घर से जंगल की देखरेख और मवेशी चराने के लिए निकले थे। इसी दौरान जंगल के पास से गुजरने वाले बरसाती नाले को पार करते समय अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और वह पानी के साथ बह गए। देर शाम तक नहीं लौटे तो परिजनों ने शुरू की तलाश राजकुमार के देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उनकी तलाश शुरू की गई। ग्रामीणों और परिजनों ने आसपास के इलाकों में काफी देर तक खोजबीन की। इस दौरान बरसाती नाले के किनारे राजकुमार की चप्पल, छाता और कुल्हाड़ी मिली। सामान मिलने के बाद उनके साथ अनहोनी की आशंका और गहरा गई। इसके बाद ग्रामीण और परिजन लगातार नाले तथा आसपास के क्षेत्रों में उनकी तलाश करते रहे। बुधवार सुबह करीब 8 बजे भारी मशक्कत के बाद बन्हा चेकडैम के समीप राजकुमार का शव बरामद हुआ। बीएफटी पिन्टु कुमार यादव ने शव मिलने की पुष्टि की। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया। प्रशासन ने 4 लाख मुआवजे का दिया आश्वासन घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन भी सक्रिय हुआ। मयूरहंड के अंचलाधिकारी मनीष कुमार ने मामले पर संज्ञान लेते हुए बताया कि मृतक के आश्रितों को आपदा प्रबंधन के तहत 4 लाख रुपए की मुआवजा राशि दी जाएगी। उन्होंने बताया कि मुआवजा भुगतान के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस थाने की रिपोर्ट समेत आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द मुआवजा दिलाने में प्रशासन पूरा सहयोग करेगा। घटना के बाद राजकुमार के घर के साथ-साथ करकरा गांव में भी शोक का माहौल है।
Source link
चतरा में बरसाती नाले में बहा वनरक्षक, मौत:मयूरहंड में लापता हुआ बन्हा चेकडैम से मिला; परिवार को 4 लाख मुआवजे का आश्वासन
