Headlines

चलती बाइक में घुसा सांप, चालक ने जान बचाई:सीधी के बहरी बाजार में हड़कंप, लोगों ने सुरक्षित निकाला




सीधी जिले के बहरी मुख्य बाजार में शनिवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती बाइक में अचानक सांप घुस गया। बाइक चला रहे तुलसीदास मिश्रा उर्फ नथुनी मिश्रा ने सांप को देखते ही सूझबूझ दिखाते हुए चलती बाइक से छलांग लगा दी। इससे एक बड़ा हादसा टल गया। यह घटना शनिवार दोपहर करीब 12 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शी रमेश बंसल ने बताया कि सांप को बाइक में देखते ही चालक घबरा गए, लेकिन उन्होंने समझदारी से अपनी जान बचाने के लिए तुरंत बाइक छोड़ दी। कुछ ही पलों में मुख्य बाजार में लोगों की भीड़ जमा हो गई और घटना की जानकारी फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने बेहद सावधानी के साथ बाइक की जांच शुरू की। काफी मशक्कत के बाद सांप को बाइक के अंदर से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई और न ही किसी प्रकार की जनहानि हुई। सांप को बाहर निकालने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। बारिश में ऐसी घटनाएं बढ़ जाती हैं वन पाल पंकज मिश्रा ने बताया कि बरसात के मौसम में इस तरह की घटनाएं बढ़ जाती हैं। बारिश के दौरान सांप सूखी और सुरक्षित जगह की तलाश में घरों, वाहनों और अन्य स्थानों में घुस जाते हैं। उन्होंने सलाह दी कि यदि किसी वाहन या घर में सांप दिखाई दे तो घबराने के बजाय सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल वन विभाग या प्रशिक्षित सर्प रेस्क्यू टीम को सूचना दें। पंकज मिश्रा ने लोगों से अपील की कि बिना प्रशिक्षण या अनुभव के सांप पकड़ने का प्रयास बिल्कुल न करें, क्योंकि ऐसा करना जानलेवा साबित हो सकता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *