चाय के बहाने पुलिस हिरासत से भागा मुख्य आरोपी:देवास पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा, NH-46 पर तीसरे आरोपी की तलाश हो रही




शिवपुरी जिले के लुकवासा चौकी क्षेत्र में एनएच-46 पर देवास पुलिस की हिरासत से तीन आरोपी भागने का प्रयास कर रहे थे। इस दौरान दो आरोपियों को पकड़ लिया गया, जबकि मुख्य आरोपी लल्ला जाटव फरार होने में सफल रहा। यह घटना जैन भोजनालय के पास हुई। जानकारी के अनुसार, ग्वालियर जिले के जलालपुर की एक विवाहिता, जिसकी शादी देवास में हुई थी और उसका एक बच्चा भी है, अपने प्रेमी लल्ला जाटव के साथ घर से चली गई थी। महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट देवास जिले के बरोठा थाने में दर्ज की गई थी। जांच के दौरान देवास पुलिस ने झांसी के मोठ क्षेत्र से महिला, उसके मासूम बच्चे, मुख्य आरोपी लल्ला जाटव और उसके दो साथियों को हिरासत में लिया था। पुलिस इन सभी को सरकारी वाहन से देवास लेकर जा रही थी। भागता देख पीछे दौड़ी पुलिस
रास्ते में लुकवासा चौकी क्षेत्र के एनएच-46 स्थित जैन भोजनालय पर आरोपियों ने चाय पीने के बहाने पुलिस वाहन रुकवाया। चाय के बाद तीनों ने पेशाब जाने की बात कही। जैसे ही पुलिस ने उन्हें झाड़ियों की ओर जाने दिया, तीनों अचानक खेतों की तरफ दौड़ पड़े। आरोपियों को भागता देख देवास पुलिस उनके पीछे दौड़ी। मौके पर मौजूद गौ सेवकों और अन्य लोगों ने भी पुलिस की मदद करते हुए उनका पीछा किया। काफी मशक्कत के बाद दो आरोपियों को पकड़ लिया गया, लेकिन मुख्य आरोपी लल्ला जाटव मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। घटना की सूचना मिलते ही लुकवासा चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद देवास पुलिस पकड़े गए दोनों आरोपियों, महिला और उसके बच्चे को लेकर देवास के लिए रवाना हो गई। फरार आरोपी लल्ला जाटव की तलाश जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *