![]()
बेमेतरा में चेटुवापुरी धाम में करोड़ों रुपए की लागत से बन रहा शिवनाथ नदी का पुल करीब चार साल से अधूरा पड़ा है। धाम तक पहुंचने वाला मार्ग भी पूरी तरह विकसित नहीं हो सका है। इसके चलते हर साल यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय लोगों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मामले को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता अविनाश घृतलहरे ने कलेक्टर को आवेदन देकर पुल और पहुंच मार्ग का काम जल्द पूरा कराने की मांग की है।
गुरु अमरदास जी का समाधि स्थल, बड़ी संख्या में पहुंचते हैं श्रद्धालु चेटुवापुरी धाम गुरु घासीदास बाबा के बेटे गुरु अमरदास जी का समाधि स्थल है। यह सतनामी समाज सहित हजारों लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। यहां विभिन्न अवसरों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। पुल का निर्माण अधूरा होने और पहुंच मार्ग की स्थिति खराब होने के कारण महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को भी आने-जाने में परेशानी होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि धाम के महत्व को देखते हुए बुनियादी सुविधाओं का निर्माण जल्द पूरा होना चाहिए। 10 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी सामाजिक कार्यकर्ता अविनाश घृतलहरे ने प्रशासन से अधूरे निर्माण कार्य को तत्काल शुरू कराकर तय समय सीमा में पूरा कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि 10 दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन किया जाएगा। अतिरिक्त 6.40 करोड़ की मंजूरी का इंतजार कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने बताया कि चेटुवा में शिवनाथ नदी पर पुल का निर्माण किया जा रहा है, लेकिन यह अभी अधूरा है। मामले में पीडब्ल्यूडी ब्रिज डिवीजन से रिपोर्ट मांगी गई थी। कलेक्टर के अनुसार, विभाग ने बताया है कि पुल का काम पूरा कराने के लिए करीब 6 करोड़ 40 लाख रुपए की अतिरिक्त राशि की प्रशासनिक मंजूरी का प्रस्ताव उच्च कार्यालय को भेजा गया है। मंजूरी मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर आगे का निर्माण कार्य कराया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि अतिरिक्त राशि की स्वीकृति मिलने के बाद पुल निर्माण को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी।
Source link
चेटुवापुरी धाम का पुल 4 साल से अधूरा:पहुंच मार्ग भी बदहाल, कलेक्टर से जल्द निर्माण की मांग सौंपा आवेदन, 10 दिन का अल्टीमेटम
