![]()
छिंदवाड़ा शहर में चाय दुकानों और पान ठेलों के आसपास नशे के कारोबार को लेकर उठ रहे सवालों के बीच कुंडीपुरा पुलिस ने इमलीखेड़ा में कार्रवाई की है। पुलिस ने चाचा ढाबे के पास से दो युवकों को करीब 5 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 1 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार युवकों में से एक असांजी चाय दुकान का संचालक है। दोनों के पास से दो मोबाइल भी जब्त किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मोबाइल की जांच में गांजे की खरीद-बिक्री और उधारी का हिसाब मिला है। पूछताछ में दोनों ने इंदिरा नगर निवासी इमरान उर्फ इम्मू से गांजा खरीदना बताया है। इमरान फिलहाल फरार है। पुलिस अब सप्लाई और खरीदारी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। बैतूल रोड पर घेराबंदी कर पकड़ा पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोहन नगर निवासी प्रथम पिता संजय पंजवानी (23) और आजाद चौक निवासी जौरिफ उर्फ अब्दुल मारूफ पिता आरिफ खान (20) इमलीखेड़ा स्थित चाचा ढाबे की ओर से गांजा लेकर आने वाले हैं। सूचना पर पुलिस ने बैतूल रोड पर चाचा ढाबे के सामने घेराबंदी की। दोनों युवकों को रोककर तलाशी ली गई। प्रथम के पास से 2 किलो और जौरिफ के पास से 3 किलो गांजा बरामद हुआ। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। मोबाइल में मिला खरीद-बिक्री का हिसाब पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के मोबाइल की जांच में गांजे की खरीद-बिक्री और उधारी से जुड़ा हिसाब मिला है। पूछताछ में दोनों ने इमरान उर्फ इम्मू से गांजा खरीदने की जानकारी दी। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इमरान को गांजा कौन उपलब्ध कराता था और शहर में किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जा रही थी। इंदिरा नगर से 3 किलो 42 ग्राम गांजा जब्त इसी कार्रवाई के दौरान कुंडीपुरा पुलिस ने इंदिरा नगर से दो अन्य कथित गांजा कारोबारियों को भी गिरफ्तार किया है। टीआई महेंद्र भगत के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर अयुब पिता युसुफ खान और अकबर पिता छोटे खान को पकड़ा गया। तलाशी में दोनों के पास से 3 किलो 42 ग्राम गांजा बरामद हुआ। दोनों के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। चाय दुकानों पर देर रात तक युवाओं की भीड़ शहर में चाय दुकानों पर युवाओं की भीड़ और देर रात तक गतिविधियों को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आती रही हैं। असांजी चाय दुकान को लेकर भी विवाद और देर रात तक युवाओं के जमावड़े की शिकायतें होने की बात कही जा रही है। कुछ स्थानों पर देर रात तक युवतियों के बैठने और सिगरेट पीने की तस्वीरें सामने आने की बात भी कही गई है। हालांकि, इन गतिविधियों का गांजे के सेवन या कारोबार से कोई सीधा संबंध है या नहीं, यह पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल दो युवकों से 5 किलो गांजे की बरामदगी और इनमें से एक के चाय दुकान संचालक होने के बाद पुलिस अब गांजे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है। फरार आरोपी इमरान की गिरफ्तारी के बाद सप्लाई चेन से जुड़े और लोगों के नाम सामने आने की उम्मीद है।
Source link
छिंदवाड़ा में चाचाढाबे के पास 5 किलो गांजा पकड़ा,:चाय दुकान संचालक समेत दो गिरफ्तार, इमरान उर्फ इम्मू फरार
