Headlines

छिंदवाड़ा में भुजलिया उत्सव आज, जुलूस में दिखेगी शस्त्र कला:युद्ध प्रदर्शन के साथ चन्द्रावली बांधेंगी रक्षासूत्र, तोपों की सलामी रहेगी खास आकर्षण




छिंदवाड़ा में रक्षाबंधन के दूसरे दिन मनाया जाने वाला लोक सांस्कृतिक धरोहर का पर्व भुजलिया उत्सव आज (शनिवार) पारंपरिक और भव्य अंदाज में मनाया जाएगा। सार्वजनिक श्री भुजलिया उत्सव समिति के अनुसार, आयोजन में अखाड़ों की प्राचीन शास्त्रीय परंपरा, शस्त्र कला, धार्मिक-सांस्कृतिक झांकियां और विशेष तोपों की सलामी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। कार्यक्रम की दोपहर 1 बजे रोपित भुजलिया के पूजन से होगी। इसके बाद श्री बड़ी माता जी, राम मंदिर और श्री चौबे बाबा जी में पूजन-अर्चन किया जाएगा। इसके बाद स्थानीय श्री रामलीला रंगमंच से विशाल भुजलिया जुलूस निकलेगा। अखाड़ों में दिखेगी शस्त्र कला
जुलूस में डीजे और बैंजो के साथ इस बार अखाड़ों की शस्त्र विद्या का प्रदर्शन किया जाएगा। श्री गप्तु उस्ताद श्री बड़ी माता व्यायामशाला और श्री छोटी माता व्यायामशाला के युवा और वरिष्ठ कलाकार पारंपरिक अंदाज में हथियारों के करतब प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा विशेष तोपों से सलामी भी दी जाएगी। जुलूस में वीर आल्हा-ऊदल की सेना, पृथ्वीराज की सेना, बहन चन्द्रावली का डोला सहित विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक झांकियां शामिल होंगी। इन मार्गों से निकलेगा जुलूस
श्री रामलीला रंगमंच से शुरू होकर जुलूस गणेश चौक, दुर्गा चौक, पावर हाउस, श्री बड़ी माता जी, छोटी माता मेन रोड, गोलगंज, राज टाकीज, आजाद चौक, करबला चौक और यातायात थाना होते हुए बड़े तालाब पहुंचेगा, जहां जुलूस का समापन होगा। जुलूस के समापन के बाद ऐतिहासिक परंपरा के अनुसार वीर पृथ्वीराज और वीर आल्हा-ऊदल के युद्ध का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ बहन चन्द्रावली द्वारा वीर आल्हा-ऊदल को रक्षासूत्र बांधने की पारंपरिक रस्म भी निभाई जाएगी। कार्यक्रम में सांसद विवेक बंटी साहू, पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना, महापौर विक्रम अहाके, जिला भाजपा अध्यक्ष शेषराव यादव, निगम अध्यक्ष सोनू मांगो सहित अन्य अतिथि शामिल होंगे। इस दौरान अतिथियों का सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा। समिति के सचिव कुशल शुक्ला ने लोगों से आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर लोक परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को गौरवान्वित करने की अपील की।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *