![]()
जगराओं के विजय नगर इलाके में शनिवार शाम मोटरसाइकिल सवार एक अज्ञात युवक द्वारा महिला से पर्स झपटकर फरार होने का मामला सामने आया है। इस वारदात के बाद से स्थानीय निवासियों में कानून व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर गहरा रोष व्याप्त है। मोहल्लावासियों का आरोप है कि इलाके में चोरी और नशे की अवैध बिक्री लगातार पैर पसार रही है, जिस पर पुलिस शिकंजा कसने में नाकाम रही है। पीड़ित महिला विजय नगर निवासी रंजना शनिवार शाम करीब 7:02 बजे रंजना अपनी ननद के साथ सोमवार के व्रत का सामान खरीदने के लिए बाजार जा रही थीं। जब वे रानी झांसी चौक से तहसील चौक की ओर जाने वाली विजय नगर की गली में पहुंचीं, तो पीछे से आए एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सवार युवक ने अचानक रंजना के हाथ से पर्स झपट लिया। रंजना और उनकी ननद ने शोर मचाते हुए आरोपी का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन झपटमार पलक झपकते ही नजरों से ओझल हो गया। पीड़िता के अनुसार, झपटे गए पर्स में एक मोबाइल फोन, करीब ₹3,000 की नकदी, बैंक के एटीएम कार्ड और कई अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे। सीसीटीवी कैमरों की पहुंच से बाहर था वारदात स्थल घटना की सूचना मिलते ही थाना सिटी की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने जब गली में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो उसमें दोनों महिलाएं बाजार की तरफ जाती हुई दिखाई दे रही हैं, लेकिन जिस जगह पर झपटमारी की वारदात हुई, वह हिस्सा कैमरों की रेंज से बाहर (ब्लाइंड स्पॉट) था। थाना सिटी प्रभारी परमिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी के भागने के रूट पर स्थित अन्य घरों और दुकानों के कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मोहल्लावासियों के गंभीर आरोप: सुरक्षा व्यवस्था भगवान भरोसे इस वारदात के बाद विजय नगर वेलफेयर सोसाइटी के सदस्यों और निवासियों ने एकत्र होकर प्रशासन के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया। वार्ड पार्षद जतिंद्रपाल राणा, राज कुमार भल्ला और अजीत सिंह मिगलानी सहित अन्य निवासियों ने इलाके की बदहाल सुरक्षा को लेकर निम्नलिखित गंभीर मुद्दे उठाए। नशा मुक्ति केंद्र के बाहर नशे की अवैध बिक्री: निवासियों का सीधा आरोप है कि मोहल्ले के बाहर स्थित सरकारी नशा मुक्ति केंद्र के आसपास रोजाना कुछ संदिग्ध युवक जमा रहते हैं। ये युवक नशे के तौर पर इस्तेमाल होने वाली (जीभ के नीचे रखने वाली) प्रतिबंधित गोलियां अवैध रूप से बेचते हैं। ग्राहकों को सौदेबाजी के लिए विजय नगर की गलियों में ही बुलाया जाता है। पुलिस को बार-बार सूचित करने के बाद भी इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कुछ दिन पहले हुई थी बड़ी चोरी: मोहल्ला निवासी टिंकू मिगलानी ने बताया कि कुछ दिन पहले ही इलाके में स्थित ‘कलकत्ता मशीनरी’ वालों के घर को चोरों ने निशाना बनाया था। चोर घर के अंदर से भारी मात्रा में कीमती तार चोरी कर ले गए थे। इस मामले की शिकायत भी पुलिस में दर्ज है, लेकिन जांच अभी तक अधर में लटकी है। पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग विजय नगर के निवासियों ने पुलिस प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि इलाके में तुरंत पुलिस गश्त (पैट्रोलिंग) बढ़ाई जाए। इसके साथ ही नशीली गोलियों के अवैध धंधे को बंद कराने, चोरी और झपटमारी के आरोपियों को जल्द सलाखों के पीछे भेजने तथा इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने की अपील की गई है ताकि भविष्य में ऐसी वारदातों पर रोक लग सके।
Source link
जगराओं में घर की गली महिला से पर्स झपटकर फरार:इलाके में चोरी और अवैध नशा बिक्री को लेकर मोहल्लावासियों में भारी रोष
