![]()
लुधियाना के जगराओं और आसपास के ग्रामीण इलाकों में कृषि मोटरों से महंगी तांबे की बिजली की तारें चुराने वाला गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बीती रात चोरों ने गांव अखाड़ा के खेतों में धावा बोलकर कई किसानों की सिंचाई मोटरों से तांबे की तारें उखाड़ लीं और मौके से फरार हो गए। इस घटना से किसानों को लाखों रुपये का वित्तीय नुकसान पहुंचा है, वहीं धान के इस सीजन में फसलों की सिंचाई व्यवस्था भी पूरी तरह ठप हो गई है। किसान नेता गुरतेज सिंह सरां और कुलवंत सिंह ने बताया कि गुरुवार सुबह जब किसान अपने-अपने खेतों में पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर स्तब्ध रह गए। मोटरों से जुड़ी तांबे की मुख्य केबल गायब थी। किसानों ने बताया कि एक मोटर पर दोबारा नई तांबे की तारें लगवाने में हजारों रुपये का भारी खर्च आता है। कई मोटरों से एक साथ तारें चोरी होने के कारण किसानों का सामूहिक नुकसान लाखों में पहुंच गया है। किसानों को डर है कि यदि समय पर सिंचाई नहीं हुई तो धान की फसलें सूख सकती हैं, जिससे पैदावार पर सीधा असर पड़ेगा। पुलिस गश्त बढ़ाने और कार्रवाई की मांग घटना से भड़के गांववासियों और किसानों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चोर गिरोह को तुरंत गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने मांग उठाई कि रात के समय खेतों वाले रास्तों में पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए ताकि आगे ऐसी वारदातें न हों। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि चोरों पर लगाम न कसी गई, तो वे पुलिस प्रशासन के खिलाफ संघर्ष और आंदोलन का रास्ता चुनने पर मजबूर होंगे। इस संबंध में थाना हठूर के तहत आती पुलिस चौकी काउंके कलां में औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई गई है। रात की गश्त बढ़ाई गई, जल्द गिरफ्तार होंगे चोर मामले की जानकारी देते हुए थाना हठूर के प्रभारी (SHO) सब इंस्पेक्टर गुरसेवक सिंह ने बताया कि किसानों की शिकायत प्राप्त हो गई है। उन्होंने बताया कि इलाके में रात के समय पुलिस पेट्रो¨लग और गश्त बढ़ा दी गई है। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि तांबे की तारें चुराने वाले इस गिरोह का जल्द सुराग लगाकर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। शिकायत दर्ज करवाने वालों में किसान कुलवंत सिंह, जगदेव सिंह, हरविंदर सिंह, करमजीत सिंह, परमजीत सिंह, हरपाल सिंह, भूपिंदर सिंह, वरिंदर सिंह, गुरदीप सिंह, गुरमीत सिंह, स्वर्ण सिंह, संदीप सिंह, जगजीत सिंह, गोरा सिंह, गुरपाल सिंह और गुरतेज सिंह सहित भारी संख्या में स्थानीय किसान मौजूद रहे।
Source link
जगराओं में फिर सक्रिय हुआ चोर गिरोह:कृषि मोटरों से तांबे की तारें चोरी, किसानों को लाखों का नुकसान, धान की सिंचाई ठप
