![]()
कैथोलिक कलीसिया की रांची पल्ली खेल समिति आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों और युवाओं को मामूली शुल्क पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराएगी। योजना के तहत इंटर और स्नातक की पढ़ाई पूरी कर चुके ऐसे अभ्यर्थियों को मार्गदर्शन दिया जाएगा, जो बैंक, रेलवे, जेएसएससी, एसएससी और अन्य संयुक्त प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करना चाहते हैं। समिति की ओर से इसके लिए मात्र 500 रुपए महीना शुल्क लिया जाएगा। समिति के अनुसार जिस कोर्स को पूरा करने में सामान्यत: 15-20 हजार रुपए खर्च होते हैं, उसे यहां 2500 से 3000 रुपए में पूरा कराया जाएगा। कोचिंग शुरू करने की तैयारी अंतिम चरण में है और नामांकन के लिए आवेदन भी लिए जा चुके हैं। प्रारंभिक चरण में सुविधा रांची पल्ली के विद्यार्थियों के लिए होगी, लेकिन भविष्य में इसे सभी जरूरतमंद अभ्यर्थियों के लिए खोलने की योजना है। अक्टूबर के पहले सप्ताह में कक्षाएं शुरू करने की तैयारी है। समिति का उद्देश्य आर्थिक तंगी के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से वंचित युवाओं को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। 16 टोलों से चुने गए अभ्यर्थी रांची पल्ली खेल समिति के अध्यक्ष सुनिल फ्रांसिस खलखो ने बताया कि कोचिंग के लिए पहले रांची पारिश के 16 टोलों के सरपंचों से योग्य और जरूरतमंद छात्रों के नाम मांगे गए, ताकि सही अभ्यर्थियों का चयन हो सके। विद्यार्थियों से हर महीने 500 रुपए का नाममात्र शुल्क लिया जाएगा। यह राशि कोचिंग फीस के बजाय छात्रों में नियमित उपस्थिति, अनुशासन और गंभीरता बनाए रखने के उद्देश्य से तय की गई है। समिति का मानना है कि इससे अभ्यर्थी प्रतिबद्धता के साथ तैयारी करेंगे और बीच में कोचिंग नहीं छोड़ेंगे। संत अलोइस स्कूल में दी जाएगी कोचिंग, 5-6 महीने का कोर्स प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 5 से 6 महीने का कोर्स तैयार किया गया है। इसके लिए चार प्रोफेशनल शिक्षकों का चयन किया जा चुका है। कक्षाएं संत अलोइस हाई स्कूल परिसर में सोमवार से शनिवार तक चलेंगी। प्रतिदिन शाम 3:30 से 6:30 बजे तक अभ्यर्थियों को पढ़ाया जाएगा। प्रत्येक शनिवार को टेस्ट सीरीज भी होगी, ताकि छात्रों की तैयारी का नियमित मूल्यांकन किया जा सके।
Source link
जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए रांची पल्ली खेल समिति की पहल:15-20 हजार की प्रतियोगी परीक्षा की कोचिंग मात्र 3000 रुपए में मिलेगी
