![]()
जालंधर के कपूरथला रोड स्थित पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी (PTU) के अंदर रविवार दोपहर दो पक्षों के बीच जमकर खूनी झड़प हो गई। बीच सड़क पर दोनों गुटों के युवकों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसों की बरसात कर दी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि इस मारपीट में शामिल आधे से ज्यादा युवक कॉलेज के छात्र नहीं बल्कि बाहरी असामाजिक तत्व थे। इस घटना के बाद यूनिवर्सिटी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं, जबकि संस्थान के पीआरओ ने घटना की जानकारी होने से इनकार किया है और मामले में अभी तक कोई पुलिस शिकायत भी दर्ज नहीं हुई है।
रविवार दोपहर करीब 12 बजे के आसपास की घटना जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना रविवार दोपहर करीब 12 बजे के आसपास की बताई जा रही है। किसी पुरानी रंजिश या मामूली कहासुनी को लेकर दो गुटों के युवकों के बीच विवाद शुरू हुआ, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दर्जनों युवकों का झुंड सरेराह एक-दूसरे पर लात-घूंसे चला रहा है। अचानक हुए इस हुड़दंग से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और राहगीर डर के मारे दूर हट गए।
अधिकतर युवक कॉलेज के नियमित छात्र नहीं इस हिंसक विवाद में शामिल अधिकतर युवक कॉलेज के नियमित छात्र नहीं थे। बाहर से आए युवकों का झुंड कैंपस के आसपास एकत्र हुआ और गुंडागर्दी करने लगा। किसी प्रत्यक्षदर्शी ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जमकर शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी परिसर और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। रविवार के दिन, जब सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी रहती है, उस दौरान इतनी बड़ी संख्या में बाहरी युवक एकत्र होकर मारपीट कैसे करते रहे, यह जांच का विषय है। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने कॉलेज प्रबंधन की ढिलाई पर रोष जताया है।
पीआरओ को इस बारे में जानकारी नहीं हैरानी की बात यह है कि इस पूरे घटनाक्रम को लेकर जब यूनिवर्सिटी के पीआरओ (PRO) से बातचीत की गई, तो उन्होंने मामले से पूरी तरह अनभिज्ञता जताई। प्रशासनिक स्तर पर अधिकारियों का कहना है कि उन्हें ऐसी किसी भी झड़प की जानकारी नहीं मिली है। दूसरी तरफ, घटना के इतने घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस में किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। बिना किसी पुलिस शिकायत और प्रशासनिक कार्रवाई के, सरेराह हुई इस मारपीट से स्कूल के सिक्योरटी पर सवाल खडे करता है।
Source link
जालंधर के PTU कैपस में दो गुटो में झड़प,VIDEO:जमकर चले लात घूंसे; वीडियो वायरल होने पर कॉलेज के सुरक्षा पर सवाल।
