![]()
पंजाब में बेखौफ लुटेरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। नकोदर के बिलगा पुलिस स्टेशन क्षेत्र अंतर्गत उमर कलां गांव के पास दिनदहाड़े लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सफेद रंग की कार में आए तीन नकाबपोश लुटेरों ने लकड़ी का काम करने वाले एक युवक को घेरकर उससे नकदी छीन ली और विरोध करने पर जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित दीपक कुमार (निवासी मोहल्ला भरैया, नूरमहल) ने बताया कि वह दोपहर करीब 3 बजे अपने ठेकेदार की मोटरसाइकिल से काम निपटाकर नूरमहल लौट रहे थे। जैसे ही वह उमर कलां गांव से निकले, तभी एक कार में सवार तीन बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। लुटेरों ने उन्हें जबरन घेरकर 750 रुपये नकद छीन लिए। जब लुटेरों ने देखा कि मोबाइल फोन सस्ता है, तो उन्होंने उसे पास के खेतों में फेंक दिया। इस दौरान एक लुटेरे ने अपने हाथ में पहने लोहे के भारी कड़े से दीपक के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। पुलिस के पास जाने से डर रहा था पीड़ित लहूलुहान हालत में किसी तरह नूरमहल पहुंचे पीड़ित ने अपने परिजनों को आपबीती सुनाई। बेहद गरीब परिवार से संबंध रखने के कारण पीड़ित पुलिसिया कार्रवाई और डर के चलते शिकायत दर्ज कराने से कतरा रहा था। थाना प्रभारी ने दिया सुरक्षा व न्याय का भरोसा जब इस घटना के संबंध में बिलगा थाना प्रभारी (SHO) दिलबाग सिंह से बात की गई, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि उन्हें किसी से डरने की जरूरत नहीं है; पुलिस पूरी मदद करेगी और आरोपियों को जल्द ढूंढकर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
जालंधर निवासी को कार सवार तीन लुटेरों ने लूटा:सिर पर कड़ा मारकर घायल किया, 750 रुपये और मोबाइल छीना
