![]()
जालंधर के बस स्टैंड के पास एटीएम से 40 हजार रुपए निकालकर बाहर निकले व्यक्ति से नकदी छीनने की कोशिश के आरोप में 2 युवकों को लोगों ने पकड़ लिया। पीड़ित के विरोध और शोर मचाने पर राहगीरों ने दोनों को घेर लिया। थाना डिवीजन नंबर-2 पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उनकी पहचान खुशवंत और पंकज उर्फ दीपक के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से अलग-अलग बैंकों के 14-15 एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, गुरदेव सिंह बस स्टैंड के पास एचडीएफसी बैंक के एटीएम में 40 हजार रुपए निकालने पहुंचे थे। वह नकदी निकाल रहे थे, तभी दो युवक वहां आ गए। आरोप है कि दोनों ने उन्हें पैसे निकालने में मदद करने की पेशकश की। गुरदेव सिंह को उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, इसलिए उन्होंने मदद लेने से इनकार कर दिया और दोनों को एटीएम से बाहर जाने के लिए कहा। इसके बाद गुरदेव सिंह ने पैसे निकाले और उन्हें लिफाफे में रखकर एक्टिवा की ओर बढ़ने लगे। आरोप है कि एटीएम से बाहर निकलते ही दोनों युवकों ने उन्हें घेर लिया और नकदी छीनने का प्रयास किया। गुरदेव सिंह ने एक आरोपी को पकड़ लिया और शोर मचा दिया। आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंच गए। लोगों ने दूसरे युवक को भी पकड़कर पुलिस को सूचना दी। 14-15 एटीएम कार्ड मिलने से जांच तेज मौके पर पहुंचे थाना डिवीजन नंबर-2 के एएसआई हरमनजीत सिंह ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से बरामद एटीएम कार्ड अलग-अलग बैंकों के हैं। इनके धारकों की पहचान की जा रही है। पुलिस दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने के साथ यह भी पता लगा रही है कि वे पहले किसी एटीएम ठगी या छिनैती में शामिल रहे हैं या नहीं। मामले की जांच जारी है।
Source link
जालंधर बस स्टैड के पास 2 बदमाश गिरफ्तार:ATM के पास 40 हजार छीनने की कोशिश, लोगों ने मौके पर दबोचा; 15 कार्ड बरामद
