![]()
जालंधर के लम्मा पिंड चौक पर मंगलवार को सीवरेज ब्लॉक और टूटी सड़कों को लेकर कांग्रेस के विधायक बावा हैनरी द्वारा कार्यकर्ताओं के साथ धरना लगा कर सरकार और नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली, सीवर ओवरफ्लो की गंभीर समस्या, खराब स्ट्रीट लाइटों और शहर की खस्ताहाल सड़कों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साढ़े चार साल में विकास के नाम पर कुछ नहीं हुआ विधायक बावा हैनरी ने पंजाब सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी और चित्तकारा यूनिवर्सिटी के मामलों से यह साफ हो गया है कि जब समाज बेबस होता है, तब लोगों को सड़कों पर उतरना पड़ता है। सरकार ने पिछले साढ़े चार-पौने पांच सालों में सिर्फ बदलाव के दावे किए, लेकिन धरातल पर विकास कार्यों का पूरी तरह सफाया हो गया है। उन्होंने नेशनल हाईवे से जुड़े इस महत्वपूर्ण मार्ग की बदहाली का जिक्र करते हुए कहा कि माता चिंतपूर्णी और हरिमंदिर साहिब जाने वाले इस मुख्य मार्ग पर हल्की बारिश में ही भारी जलभराव हो जाता है। सर्विस रोड के इतने बुरे हाल हैं कि पैदल चलना भी मुश्किल है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले ही यहां एक बच्चे का दर्दनाक एक्सीडेंट हो गया था। उन्होंने धोगड़ी रोड, कोटली रोड और सालों से बंद पड़े पार्कों का हवाला देते हुए कहा कि जालंधर में हर तरफ बदहाली का माहौल है। नशा तस्करी और पुलिस-प्रशासन के नेक्सस पर उठाए सवाल केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आगामी जालंधर दौरे और नशामुक्ति रैलियों का जिक्र करते हुए विधायक हैनरी ने कहा कि नशा पंजाब का एक बेहद संगीन और गंभीर मुद्दा है, जिस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सिर्फ यात्राएं निकालने या स्टेज से लंबे-चौड़े दावे करने से नशा खत्म नहीं होगा। इसके लिए समाज को शिक्षित करने, युवाओं को कौशल और रोजगार देने तथा ड्रग्स के शिकार लोगों के पुनर्वास के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब तक ड्रग्स के इस काले कारोबार में शामिल पुलिस प्रशासन और सुरक्षा तंत्र के नेक्सस की कमर नहीं तोड़ी जाएगी, तब तक इस समस्या का समाधान मुमकिन नहीं है। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जालंधर की सड़कों, सीवरेज और बुनियादी सुविधाओं में सुधार नहीं किया गया, तो उनका संघर्ष और तेज किया जाएगा।
Source link
जालंधर में कांग्रेसी विधायक बावा हैनरी का जोरदार प्रदर्शन:लम्मा पिंड चौक पर सीवर और टूटी सड़कों को लेकर निगम के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा
