![]()
जालंधर में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संगठित अपराध और भगोड़ों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जालंधर कमिश्नरेट पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।
पुलिस ने अमरीका के बहुचर्चित ‘स्नैप’ (SNAP -सप्लीमेंटल न्यूट्रिशन असिस्टेंस प्रोग्राम) फ्रॉड केस में वांछित और मोस्ट वांटेड भगोड़े मंजीत सिंह बेदी को गिरफ्तार कर लिया है। बेदी अमरीका में खाद्य सहायता योजना में करोड़ों रुपये के घोटाले को अंजाम देने के बाद कानून की पकड़ से बचने के लिए अप्रैल 2026 में कनाडा के रास्ते भागकर भारत आ गया था। पंजाब पुलिस की इस कार्रवाई से साफ हो गया है कि सरहदें पार करके भी कानून के शिकंजे से बचना मुमकिन नहीं है। कौन है मंजीत सिंह बेदी? मंजीत सिंह बेदी अमरीका की बहुचर्चित सरकारी सहायता योजना स्नैप (Supplemental Nutrition Assistance Program) में करोड़ों डॉलर के वित्तीय घोटाले का मुख्य आरोपी है। अमरीका में स्नैप योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भोजन और पोषण सहायता दी जाती है। बेदी पर इस योजना में फर्जीवाड़ा और बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी करने के गंभीर आरोप हैं, जिसके बाद अमरीकी जांच एजेंसियों ने उसे अपने ‘मोस्ट वांटेड फ्रॉडस्टर्स’ की सूची में शामिल कर रखा था। अमरीकी एजेंसियों की सख्ती के बाद बेदी कार्रवाई से बचने के लिए शातिराना तरीके से अमरीका से कनाडा पहुंचा और अप्रैल 2026 में फर्जीवाड़ा कर भारत भाग आया। वह पंजाब में अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था। हालांकि, पंजाब पुलिस की खुफिया टीमों ने उसके नेटवर्क को ट्रेस किया और जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने एक सटीक ऑपरेशन चलाकर उसे धर दबोचा। पंजाब पुलिस अब अमरीकी एजेंसियों और संबंधित विभागों से संपर्क कर आगे की कानूनी व प्रत्यर्पण प्रक्रिया में जुट गई है।
Source link
जालंधर में FBI का वांटेड ठग गिरफ्तार:SNAP योजना में करोड़ों का फ्रॉड किया है, कनाडा के रास्ते भागा था भारत; पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई
