![]()
जालंधर से ताल्लुक रखने वाले पूर्व भारतीय क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ‘भज्जी’ ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से एक औपचारिक मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान दोनों के बीच खेल जगत के विकास, युवाओं के भविष्य और देश में बुनियादी ढांचा मजबूत करने को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। क्रिकेटर से राजनेता बने हरभजन सिंह की प्रधानमंत्री के साथ इस बैठक को शिष्टाचार मुलाकात बताया जा रहा है। हरभजन सिंह ने अपनी पोस्ट में लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुलाकात करना हमेशा से एक बेहद सम्मानजनक और प्रेरणादायक अनुभव रहा है। उन्होंने बताया कि इस बैठक के दौरान भारत में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने, युवाओं को बेहतर अवसर प्रदान करने और देश के समग्र विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। भज्जी ने प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और देश को आगे ले जाने के उनके प्रयासों की तारीफ की। मैदान पर अपनी फिरकी से विरोधी बल्लेबाजों को नचाने वाले ‘टर्बनेटर’ हरभजन सिंह ने संन्यास के बाद राजनीति के जरिए जनसेवा की राह चुनी है। जालंधर की मिट्टी से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने वाले भज्जी अक्सर पंजाब और देश के खिलाड़ियों के हित में अपनी आवाज उठाते रहे हैं। सांसद बनने के बाद से ही वे खेल सुविधाओं के आधुनिकीकरण और युवा एथलीटों को बेहतर मंच प्रदान करने के लिए प्रयासरत हैं।
Source link
जालंधर से राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह की प्रधानमंत्री से मुलाकात:पीएम मोदी से मुलाकात कर खेल विकास और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की
