![]()
चंडीगढ़ सेक्टर-26 स्थित एक कैफे में पंजाब के पटियाला निवासी युवक के साथ कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक के चेहरे और सिर से खून बहता दिखाई दे रहा है। युवक का आरोप है कि कैफे के बाउंसरों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की। उसने यह भी दावा किया कि घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। हालांकि, सेक्टर-26 थाना पुलिस का कहना है कि इस मामले में अब तक किसी की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। वीडियो में खुद को कपिल नरवाना बताया सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवक अपना नाम कपिल नरवाना बताते हुए कह रहा है कि वह पंजाब के पटियाला का रहने वाला है। उसके अनुसार, वह करीब एक सप्ताह पहले अपने दोस्त के साथ सेक्टर-26 स्थित हार्ड रॉक कैफे में गया था। उस समय कैफे में काफी भीड़ थी और बड़ी संख्या में बाउंसर तैनात थे। युवक का कहना है कि कैफे के अंदर किसी बात को लेकर उसकी किसी व्यक्ति से हल्की कहासुनी हो गई थी। बाद में उसने माफी मांग ली और मामला वहीं खत्म हो गया। इसके बावजूद कुछ देर बाद बाउंसरों ने उसे घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। कमीज उतार दी, मोबाइल भी छीनने का आरोप युवक का आरोप है कि मारपीट के दौरान उसकी कमीज उतर गई और उसके चेहरे व सिर पर गंभीर चोटें आईं। वीडियो में उसके चेहरे से खून बहता दिखाई देता है। उसने आरोप लगाया कि बाउंसरों ने उसका मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिया। उसके साथ मौजूद दोस्त ने किसी तरह बीच-बचाव कर उसे वहां से निकाला, नहीं तो उसके साथ और भी गंभीर घटना हो सकती थी। पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप वायरल वीडियो में घायल युवक कपिल नरवाना पुलिस से इंसाफ की गुहार लगाता दिखाई देता है। वह कहता है कि मारपीट के तुरंत बाद उसने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को पूरी घटना बताई और बाउंसरों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। लेकिन उसकी बात सुनने के बावजूद पुलिस ने किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। युवक का आरोप है कि उसे ही समझाकर वहां से भेज दिया गया, जबकि उसके शरीर पर चोट के निशान साफ दिखाई दे रहे थे और चेहरे व सिर से खून बह रहा था। वीडियो में कपिल यह भी कहता है कि उसने कोई ऐसा काम नहीं किया, जिसके कारण उसके साथ इस तरह की मारपीट की जाए। वह खुद को टैक्स देने वाला जिम्मेदार नागरिक बताते हुए कहता है कि उसे सिर्फ यह बताया जाए कि आखिर उसे किस गलती की इतनी बड़ी सजा दी गई। युवक का दावा है कि अगर उसके साथ गलत हुआ है तो पुलिस को निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। इसी कारण उसने अपना वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, ताकि पूरी घटना लोगों के सामने आ सके। जानिए सिलसिलेवार तरीके से कैसे हुई घटना……. दोस्त के साथ कैफे पहुंचा: पटियाला निवासी कपिल नरवाना अपने एक दोस्त के साथ सेक्टर-26 स्थित हार्ड रॉक कैफे में पार्टी करने गया था। अंदर हुई कहासुनी: कपिल के अनुसार, कैफे के अंदर किसी बात को लेकर उसकी कुछ लोगों से बहस हो गई। हालांकि उसने तुरंत माफी मांग ली और मामला वहीं शांत हो गया। बाउंसरों ने घेरा: आरोप है कि कुछ देर बाद कैफे के बाउंसरों ने उसे घेर लिया और बाहर ले जाकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। चेहरे और सिर पर किए वार: युवक का आरोप है कि बाउंसरों ने उसके चेहरे और सिर पर कई वार किए, जिससे उसके चेहरे और सिर से खून बहने लगा। कमीज उतर गई: मारपीट के दौरान उसकी कमीज उतर गई। वायरल वीडियो में वह बिना कमीज के घायल अवस्था में दिखाई देता है। मोबाइल छीनने का आरोप: कपिल ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसका मोबाइल फोन भी ले लिया गया। दोस्त ने बचाया: युवक का कहना है कि उसके साथ आए दोस्त ने बीच-बचाव कर उसे बाउंसरों से छुड़ाया, नहीं तो उसके साथ और गंभीर घटना हो सकती थी। पुलिस पर भी आरोप: कपिल का दावा है कि पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की गई और उसे समझाकर वापस भेज दिया गया। पुलिस का पक्ष: सेक्टर-26 थाना पुलिस का कहना है कि इस मामले में अब तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
Source link
चंडीगढ़ के कैफे में युवक से मारपीट का वीडियो वायरल:पटियाला के युवक ने बाउंसरों पर पिटाई का लगाया आरोप, पुलिस ने नहीं की कार्रवाई
