Headlines

जालौन में दो महिलाओं ने फांसी लगाकर दी जान:अलग-अलग गांवों में हुई घटनाओं से पुलिस जांच में जुटी




जालौन के सिरसा कलार थाना क्षेत्र में शनिवार को अलग-अलग गांवों में दो महिलाओं द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटनाओं से सनसनी फैल गई। ग्राम सदूपुरा में 20 वर्षीय युवती ने कमरे में फंदे से लटककर जान दे दी, जबकि ग्राम जख़ा में 35 वर्षीय महिला का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सदूपुरा की घटना को कथित प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी आत्महत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। प्रेम प्रसंग के बाद युवती ने उठाया कदम: ग्राम सदूपुरा निवासी 20 वर्षीय सुधा परिहार पुत्री कल्लू परिहार ने शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे अपने कमरे में कुंडे से फंदा लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के मुताबिक, करीब एक महीने पहले युवती के पिता ने थाने में उसके अपहरण की तहरीर दी थी। पुलिस ने तलाश के बाद करीब 15 दिन में युवती को गांव के ही 22 वर्षीय युवक के साथ दूसरे शहर से बरामद किया था। इसके बाद युवती के बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराए गए थे। परिजनों के अनुसार, युवती ने युवक के साथ प्रेम संबंध होने और दोनों के बालिग होने की बात कही थी। उसने अपनी इच्छा से युवक के साथ रहने की बात भी कही थी। बाद में युवती को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया, जबकि युवक को छोड़ दिया गया था। परिजनों के कड़े रुख और प्रेम संबंध को लेकर बनी परिस्थितियों से युवती के क्षुब्ध होने की चर्चा है। हालांकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। दूसरी महिला का शव फंदे से लटका मिला: ग्राम जख़ा में शनिवार दोपहर 35 वर्षीय उमा देवी पत्नी सुभाष राठौर ने अपने घर के कमरे में फांसी लगा ली। घटना के समय परिवार के लोग अपने-अपने काम में व्यस्त थे। कुछ देर बाद परिजनों की नजर कमरे में फंदे से लटके उमा देवी के शव पर पड़ी तो घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों के अनुसार, उमा देवी की दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी सपना की शादी हो चुकी है, जबकि 13 वर्षीय छोटी बेटी कल्पना परिवार के साथ रहती है। महिला की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष वरुण प्रताप सिंह ने बताया कि जख़ा की घटना के संबंध में फिलहाल पुलिस को कोई आधिकारिक सूचना या तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर अथवा औपचारिक सूचना मिलने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। एक ही दिन में थाना क्षेत्र के दो गांवों में हुई इन घटनाओं से ग्रामीणों में भी शोक का माहौल है। पुलिस दोनों मामलों में उपलब्ध तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *